कानपुर गोलीकांड का 20 घंटे में खुलासा! कराटे खिलाड़ी को गोली मारने वाले दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक फरार

कानपुर गोलीकांड का 20 घंटे में खुलासा! कराटे खिलाड़ी को गोली मारने वाले दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक फरार

कानपुर। पुलिस कमिश्नर आवास के पास कराटे खिलाड़ी अरविंद पासवान (45) को गोली मारने के मामले का पुलिस ने करीब 20 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। सोमवार देर रात टेप्को मिल परिसर में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरा आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपित के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 28-29 जून की रात ग्वालटोली क्षेत्र में अरविंद पासवान अपने साथियों के साथ मैदान में मौजूद थे। इसी दौरान अनुराग खुराना उर्फ शैबी, हरि सिंह उर्फ शुभम और उनके अन्य साथी वहां पहुंचे। बीयर के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि शुभम ने तमंचे से फायर कर दिया, जिससे गोली अरविंद के पेट में लगी। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल हैलट अस्पताल पहुंचाया, जहां ऑपरेशन कर गोली निकाल ली गई। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।

घटना के बाद पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के निर्देश पर ग्वालटोली थाना, कर्नलगंज थाना और सेंट्रल जोन स्वाट टीम को आरोपितों की गिरफ्तारी में लगाया गया। सोमवार देर रात सूचना मिली कि आरोपित टेप्को मिल परिसर में छिपे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपितों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान हरि सिंह उर्फ शुभम के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं अनुराग खुराना उर्फ शैबी को भी मौके से दबोच लिया गया, जबकि ऋषभ उर्फ मांगू भाग निकला।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। पूछताछ में दोनों ने अरविंद पर फायरिंग में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में ग्वालटोली थाने में दर्ज मुकदमे की विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है।

घटना का सफल खुलासा 20 घंटे के भीतर कर लिया गया है। फरार आरोपित ऋषभ उर्फ मांगू की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *