कानपुर कचहरी में चला पुलिस का डंडा: अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग पर सख्ती, ठेले-खोमचे हटाए

कानपुर कचहरी में चला पुलिस का डंडा: अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग पर सख्ती, ठेले-खोमचे हटाए

कानपुर। कचहरी परिसर में जाम और अतिक्रमण की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद मंगलवार को पुलिस ने सख्ती दिखाई। डीसीपी ट्रैफिक के निर्देश पर कानपुर बार एसोसिएशन और लॉयर्स एसोसिएशन के सहयोग से अतिक्रमण अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों को हटवाने के साथ ठेले, खोमचे और सब्जी विक्रेताओं को भी सड़क खाली रखने के निर्देश दिए गए।

बार एसोसिएशन महामंत्री विनय मिश्रा ने बताया कि पिछले कई दिनों से शिकायतें मिल रही थीं कि सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण कचहरी आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही थी। इसी को देखते हुए पुलिस और दोनों बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के बीच समन्वय बनाकर अभियान चलाया गया। उन्होंने अधिवक्ताओं से पुलिस का सहयोग करने और सड़क पर वाहन खड़ा न करने की अपील की।

लॉयर्स एसोसिएशन महामंत्री राजीव यादव ने कहा कि कचहरी परिसर में जाम की समस्या को दूर करने के लिए सभी को जिम्मेदारी निभानी होगी। अधिवक्ताओं से अपील की गई है कि वे अपने वाहन निर्धारित स्थान पर ही खड़े करें और सड़क पर आवागमन बाधित न करें। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण कई बार कचहरी परिसर में यातायात व्यवस्था बिगड़ जाती है।

एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय के साथ समन्वय कर चलाए गए अभियान में पुलिस ने सड़क किनारे लगे ठेले और खोमचों को हटवाया। साथ ही बेतरतीब खड़े वाहनों को भी हटाकर सड़क को खाली कराया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कचहरी परिसर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *