कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की बालिकाऐं अचानक हुई बीमार

तीतरों। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (ग्रामीण), ग्राम मंहगी, गंगोह में बालिकाओं के बीमार होने के संबंध में विद्यालय की वार्डेन श्रीमती मुकेश देवी द्वारा गतरोज प्रातः दस बजे जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहारनपुर के संज्ञान में लाया गया कि उक्त विद्यालय में उपस्थित 83 बालिकाओं में से तीस बालिकाओं को चक्कर आना, उल्टी व बुखार की शिकायत पाई गई। जिस पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, गंगोह से चिकित्सकों की टीम बुलाई गई। जिनके द्वारा चैकअप के उपरान्त बालिकाओं को दवाई दी गई जिसके उपरान्त सांय सात बजे 15 बालिकाओं की पुनः तबीयत खराब होने पर रात दो बजे चिकित्सकों की देख-रेख में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गंगोह भेजा गया। रात दो बजे चिकित्सकों द्वारा पांच बालिकाओं कु0 सिमरन, कु0 मंशिका, कु0 सिया, कु0 पारूल, कु0 समीक्षा को जिला अस्पताल रैफर किया गया। रात्रि तीन बजे इन बालिकाओं को जिला अस्पताल सहारनपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया गया। आज प्रातः छः बजे तीन बालिकाओं सिमरन, मंशिका एवं सिया के स्वास्थ्य में सुधार न होने के कारण उन्हंे मैडिकल कॉलेज पिलखनी, सहारनपुर में रैफर कर दिया गया। वर्तमान में मंशिका पुत्री रामवीर, निवासी चमन माजरा, नानौता एवं सिया पुत्री हरपाल निवासी ग्राम हैदरपुर, गंगोह की हालत स्थिर है। सिमरन पुत्री संजय, निवासी अभिषेक नगर, सहारनपुर की स्थिति में सुधार न होने के कारण हायर सैन्टर पीजीआई, चण्डीगढ़ उपचार हेतु रैफर कर दिया गया है। जिलाधिकारी, सहारनपुर द्वारा मैडिकल कॉलेज पिलखनी, सहारनपुर के बालिकाओं को दिए जा रहे उपचार के निरीक्षण के दौरान बालिकाओं के माता-पिता से वार्ता की गई। प्रथम दृष्टया प्रकरण फूड पॉइजनिंग का है। प्रकरण की मजिस्ट्रीयल जांच हेतु अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), सहारनपुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सहारनपुर एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहरनपुर की टीम गठित कर दी गई है जो अपनी आख्या 48 घण्टे में प्रस्तुत करेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *