औरैया हाईवे पर भीषण हादसा: केबिन में फंसा चालक, एक घंटे के रेस्क्यू के बाद निकाला गया बाहर

औरैया हाईवे पर भीषण हादसा: केबिन में फंसा चालक, एक घंटे के रेस्क्यू के बाद निकाला गया बाहर

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के अजीतमल क्षेत्र में शनिवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। मुरादगंज कस्बे के पास कौशल फिलिंग सेंटर के निकट औरैया-इटावा हाईवे पर तेज रफ्तार बोलेरो लोडर आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से टकरा गया। हादसे में लोडर चालक गंभीर रूप से घायल होकर क्षतिग्रस्त केबिन में फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस, एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम और क्रेन की मदद से करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने जानकारी दी कि बोलेरो लोडर औरैया से इटावा की ओर जा रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को वाहन चलाते समय अचानक झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। आगे चल रहे अज्ञात वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी जोर थी कि बोलेरो लोडर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।

हादसे में घायल चालक की पहचान जितेंद्र सिंह (32) पुत्र बलवान सिंह, निवासी ग्राम अहरौली शेख, पुखरायां, जनपद कानपुर देहात के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही अजीतमल पुलिस, एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम तथा हाइवे क्रेन मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला। रेस्क्यू अभियान लगभग एक घंटे तक चला। गंभीर रूप से घायल जितेंद्र सिंह को एनएचएआई एंबुलेंस की सहायता से तत्काल जिला अस्पताल औरैया भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस फरार अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *