आगरा। उत्तर प्रदेश में आगरा खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव में 23 अक्टूबर को हुए मतदान में सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल द्वारा गड़बड़ी, धांधली, बूथ कैपचरिंग आदि के आरोप लगाए जाने के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने आगरा के मंडलायुक्त की रिपोर्ट मिलने के बाद आगरा के तीन बूथों पर दोबारा मतदान के आदेश दिए हैं। पुनर्मतदान 26 अक्टूबर को होगा। इसके साथ ही राजनीतिक दल फिर सक्रिय हो गए हैं।

अधिक मतदान, गड़बड़ी की शिकायताें के बाद तीन मतदेय स्थलों -मतदेय स्थल संख्या 20, तहसील कैंपस खेरागढ़ कक्ष संख्या एक, मतदेय स्थल संख्या 21, क्षेत्र पंचायत कार्यालय सैंया कक्ष संख्या एक और मतदेय स्थल संख्या 26 फतेहाबाद पर दोबारा वोटिंग कराने के लिए निर्वाचन आयोग को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसके स्वीकार कर लिया गया है। अब इन मतदान केंद्रों पर 23 अक्टूबर को हुए मतदान को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 58ए(2)(ए) के तहत अमान्य घोषित कर दिया गया है। जिला उप निर्वाचन अधिकारी एवं ए डी एम यमुनाधर चौहान द्वारा बताया गया कि चुनाव आयोग द्वारा तीन बूथों पर मतदान निरस्त किये जाने के बाद इन बूथों पर दोबारा मतदान 26 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से 4 बजे तक किया जाएगा

इन स्थानों पर होगा दोबारा मतदान
१-मतदेय स्थल संख्या 20-तहसील कैम्पस खेरागढ कक्ष सं. 1
2. मतदेय स्थल संख्या 21-क्षेत्र पंचायत कार्यालय सैंया कक्ष सं. 1
3. मतदेय स्थल संख्या 26 क्षेत्र पंचायत कार्यालय फतेहाबाद कक्ष सं.१
चुनाव गड़बड़ी में शामिल लोगों की भेजी जाएगी आज रिपोर्ट
चुनाव आयोग द्वारा अपने आदेश में 23 अक्टूबर को हुए मतदान के दौरान उन पुलिसकर्मियों, मतदान कर्मियों तथा अन्य व्यक्तियों की भूमिका को चिन्हित करने के आदेश भी दिए गए हैं जिसकी वजह से गड़बड़ी की स्थिति उत्पन्न हुई यह रिपोर्ट आज 25 अक्टूबर तक मांगी गई है।
दोबारा मतदान के लिए राजनीतिक दल फिर हुए सक्रिय
दोबारा मतदान की घोषणा के बाद भाजपा और समाजवादी पार्टी प्रत्याशी मतदाताओं से जुड़ने के लिए पुन: सक्रिय हो गए हैं। दोनों प्रत्याशियों द्वारा मतदाताओं से व्यक्तिगत तौर पर संपर्क कर अपने अपने पक्ष में दोबारा मतदान के लिए भी प्रेरित कर रहे हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनियाँ ने बताया की मतदाता जागरूक है और वह भाजपा की विकास नीतियों को भली भांति जानता है। सपा जिला अध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा द्वारा बताया गया कि दोबारा मतदान से सपा प्रत्याशी को लाभ मिलेगा।

