भोपा (मुजफ्फरनगर)। थाना भोपा क्षेत्र में अवैध खनन के खेल की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों ने कथित रूप से जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। बिजनौर रोड पर रात के अंधेरे में खेत में जेसीबी से मिट्टी का खनन किए जाने की सूचना पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष जोगिंदर सिंह और उनकी हमराह पुलिस टीम ने जब खनन की अनुमति मांगी तो वहां मौजूद लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद स्कार्पियो में सवार लोगों ने चालक को पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने के लिए उकसाया। चालक ने तेज रफ्तार से पुलिस टीम की ओर वाहन दौड़ा दिया। पुलिसकर्मियों ने समय रहते सड़क से खेत में छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद आरोपी स्कार्पियो लेकर मौके से फरार हो गए।

रात के अंधेरे में चल रहा था मिट्टी का खनन
थानाध्यक्ष जोगिंदर सिंह की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार वह अपनी हमराह पुलिस टीम के साथ बिजनौर रोड पर शांति व्यवस्था, चेकिंग और वांछित अपराधियों की तलाश में गश्त कर रहे थे। रात करीब दो बजे पुलिस टीम बेहड़ा सादात और आश्रम चौराहे के बीच पहुंची। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर एक खेत में चल रही जेसीबी पर पड़ी।

पुलिस के मुताबिक जेसीबी से खेत में मिट्टी की खुदाई की जा रही थी। थानाध्यक्ष ने तत्काल पुलिस वाहन रुकवाया और जेसीबी के पास पहुंचकर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम सोनू उर्फ गुलमोहम्मद पुत्र इरफान उर्फ भूरा निवासी नयागांव नगला बुजुर्ग, थाना भोपा बताया।
खनन की अनुमति पूछते ही बढ़ गया विवाद
पुलिस टीम ने जेसीबी चालक से मिट्टी उठाने और खनन की अनुमति के संबंध में जानकारी मांगी। इसी दौरान पास में खड़ी स्कार्पियो से आमिर आलम पुत्र आलिम निवासी ग्राम कम्हेड़ा, थाना ककरौली नीचे उतरा। पुलिस के अनुसार अनुमति पत्र के संबंध में पूछताछ किए जाने पर आमिर आलम और उसके साथ मौजूद लोगों ने बहस शुरू कर दी।
पुलिस का आरोप है कि समझाने के बावजूद दोनों आरोपी उत्तेजित हो गए और स्कार्पियो में जाकर बैठ गए। वाहन में पहले से दो तीन अन्य लोग भी मौजूद थे। पुलिस टीम जब वाहन की ओर बढ़ी तो उसमें बैठे लोगों ने चालक को पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने के लिए उकसाया।
जान बचाने को खेत में कूदे पुलिसकर्मी
आरोप है कि साथियों के उकसाने पर स्कार्पियो चालक सोनू उर्फ गुलमोहम्मद ने वाहन को तेज गति से पुलिसकर्मियों की ओर दौड़ा दिया। अचानक वाहन को अपनी ओर आता देखकर थानाध्यक्ष जोगिंदर सिंह और उनके साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने सड़क से नीचे खेत में छलांग लगा दी। इस तरह पुलिस टीम ने समय रहते खुद को वाहन की चपेट में आने से बचा लिया।
पुलिस के मुताबिक यदि टीम समय रहते सड़क से नहीं हटती तो गंभीर हादसा हो सकता था। घटना के बाद आरोपी स्कार्पियो में सवार होकर मौके से फरार हो गए। पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी भाग निकलने में सफल रहे।
पुलिस टीम में ये जवान थे शामिल
घटना के समय थानाध्यक्ष के साथ कांस्टेबल अक्षय प्रताप सिंह, चालक प्रवीण कुमार, उपनिरीक्षक दिनेश सिंह और हेड कांस्टेबल जोगिंद्र सिंह मौजूद थे। पुलिस टीम ने घटना के बाद उच्चाधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया।
बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज
भोपा पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अशोक कुमार को सौंपी गई है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन को भी तलाशा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

