अमेठी में हाईटेंशन तार की चपेट में आया युवक, झाड़ियां काटते समय 35 वर्षीय विद्याशंकर की मौके पर मौत

अमेठी में हाईटेंशन तार की चपेट में आया युवक, झाड़ियां काटते समय 35 वर्षीय विद्याशंकर की मौके पर मौत

अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी में घर से करीब 500 मीटर दूर बाईपास के किनारे कटीली झाड़ियां काटते समय युवक हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश है।

अमेठी कोतवाली क्षेत्र के खेरौना गांव निवासी विद्याशंकर प्रजापति (35) रविवार शाम करीब पांच बजे कुल्हाड़ी लेकर खेत के किनारे बाड़ लगाने के लिए कटीली झाड़ियां काटने निकला था। बताया गया कि वह आवारा पशुओं से फसल की सुरक्षा के लिए झाड़ियां एकत्र कर रहा था। इसी दौरान बाईपास के किनारे करीब पांच फीट की ऊंचाई से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। सोमवार को तलाश करते हुए परिजन सड़क किनारे पहुंचे तो युवक का शव पड़ा मिला।

क्षेत्राधिकारी का है कहना

क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया पेड़ की हरी डाल के विद्युत तार के संपर्क में आने से हादसा होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *