शिवसेना पार्टी में मची उथल-पुथल के बीच एक बार फिर से संजय राउत ने एक ट्विट कर देवेंद्र फडणवीस, महाराष्ट्र सीएमओ और एकनाथ शिंदे पर निशाना साधा। संजय राउत ने ट्वीट कर लिखा कि अब नही कोई बात खतरे की, अब सभी को सभी से खतरा है। इस ट्वीट में संजय राउत ने देवेंद्र फडणवीस, महाराष्ट्र सीएमओ, एकनाथ शिंदे, उद्धव ठाकरे और प्रियंका गांधी को टैग किया है।

उनके इस ट्वीट को लेकर कहा जा रहा है कि संजय राउत ने अपने ट्ववीट से संकेत दिया है कि शिवसेना आने वाले समय में कोई बड़ा फैसला ले सकती है। बता दें कि बगावत के बाद जब से एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री बने है उसके बाद से ही संजय राउत शिंदे गुट के विधायक हमला बोलते रहे हैं।

इससे पहले नासिक में शिवसेना कार्यकर्ताओं की एक रैली को संबोधित करते हुए राउत ने कहा था कि अगर कोई (शिंदे) कह रहा है कि मैं शिवसेना का मुख्यमंत्री हूं और सरकार शिवसेना की है, तो यह गलत है। मुंबई में मातोश्री में शिवसेना का आलाकमान है, दिल्ली में नहीं। शिवसेना के मुख्यमंत्री कभी भी कैबिनेट तय करने के लिए दिल्ली नहीं जाते…न कभी गए। इसलिए, सभी के मुखौटे अपने आप गिर रहे हैं…वह (शिंदे) भाजपा के मुख्यमंत्री हैं, शिवसेना के नहीं. उनका हाईकमान दिल्ली में है. इसलिए वह दिल्ली गए हैं।