यूपी में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज! प्रयागराज समेत 30 से ज्यादा जिलों में बारिश के आसार, मुजफ्फरनगर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना

यूपी में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज! प्रयागराज समेत 30 से ज्यादा जिलों में बारिश के आसार, मुजफ्फरनगर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना

प्रयागराज। आगामी बारह घंटे के मध्य प्रयागराज सहित उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ की ओर से जारी जिला स्तरीय तात्कालिक पूर्वानुमान के अनुसार सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, महोबा, बांदा, हमीरपुर, जालौन, कानपुर नगर, ललितपुर, झांसी, कानपुर देहात, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों के आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम खराब रहने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले बारह घंटे के मध्य प्रयागराज समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही कुछ स्थानों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली की भी संभावना है। विभाग ने लोगों को मौसम में बदलाव के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां बनी हुई हैं। वातावरण में पर्याप्त नमी और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण कई क्षेत्रों में बादल बनने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचना चाहिए। किसानों को भी मौसम को ध्यान में रखते हुए खेतों में आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

इन जिलों में भी बारिश के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान में सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, प्रयागराज, संत रविदास नगर, प्रतापगढ़, चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशांबी, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, कानपुर नगर, ललितपुर, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, कानपुर देहात, औरैया, बहराइच, गोंडा, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, रामपुर, अमरोहा, मुरादाबाद, मेरठ, बिजनौर और मुजफ्फरनगर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों के आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम प्रभावित हो सकता है।

मौसम विभाग ने विशेष रूप से आकाशीय बिजली की स्थिति में सावधानी बरतने की अपील की है। बिजली चमकने और गरज सुनाई देने पर लोग खुले मैदान, खेत, जलाशय और ऊंचे पेड़ों से दूर रहें तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लें।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *