प्रयागराज। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत प्रयागराज में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार उल्लेखनीय प्रगति हो रही है।जिले में अब तक 22 हजार 287 सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि 20 हजार 018 लाभार्थियों को सरकार की ओर से सब्सिडी भी प्रदान की जा चुकी है। योजना के प्रति लोगों की बढ़ती रुचि का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक 37 हजार 017 लोगों ने इसके लिए आवेदन किया है।

शनिवार को परियोजना अधिकारी, नेडा, कोमिल द्विवेदी ने बताया कि जैसे-जैसे आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, उसी गति से योजना का विस्तार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक परिवारों को इसका लाभ मिल सके।

लाभार्थी का कहना
योजना से लाभान्वित प्रयागराज के धूमनगंज क्षेत्र के महेंद्र नगर निवासी अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने दो वर्ष पहले चार किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगवाया था। उन्हें प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सब्सिडी भी प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि सोलर पैनल लगने के बाद से उनके बिजली बिल में काफी कमी आई है। आर्थिक राहत मिली है। उनका मानना है कि यह योजना आम लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। इससे परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिल रहा है।
सोलर-9 के निदेशक अमित आशीष मिश्रा ने बताया कि हम एक वेंडर के रूप में इस योजना से जुड़े हुए हैं। इस योजना में आवेदन करने के बाद से ही मेरा काम शुरू हो जाता है। हम लाभार्थी से मिलकर उसके कार्यों को सफलतापूर्वक बहुत ही सरलता से पैनल स्थापित करने में सहयोग करतें हैं। सरकार की याेजना आम लाेगाें काे बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बना रही है।

