वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से काशी से गुजरात के वडनगर तक ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ निकाली जाएगी। करीब 20 दिन चलने वाली इस यात्रा का शुभारंभ 17 सितंबर को काशी विश्वनाथ मंदिर में 10 नदियों के जल से भगवान काशी विश्वनाथ के जलाभिषेक के बाद होगा। यात्रा का समापन 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर में किया जाएगा।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक दिलीप पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को पार्टी ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर और कर्मभूमि काशी से यात्राएं निकाली जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल बाइक यात्रा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कुल 20 बाइक यात्राएं प्रस्तावित हैं। इनमें 10 यात्राएं वडनगर से और 10 यात्राएं काशी से शुरू होंगी। प्रत्येक टोली में 25 बाइक सवार होंगे और प्रत्येक बाइक पर दो लोग सवार रहेंगे। युवा कार्यकर्ता करीब 20 दिनों तक प्रतिदिन लगभग 100 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। यात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सेवा, संवाद और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
—हर दिन पौधरोपण और सेवा का संदेश
यात्रा का उद्देश्य युवाओं को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाना भर नहीं है। इसके माध्यम से गांवों और कस्बों में लोगों से संवाद कर सेवा, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सरोकारों का संदेश पहुंचाया जाएगा। यात्रा के प्रत्येक दिन की शुरुआत पौधरोपण से होगी। 25 यात्रियों की ओर से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधे लगाए जाएंगे।
इसके साथ ही स्वच्छता, टीबी मुक्त भारत और कुपोषण जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक किया जाएगा। यात्रा के दौरान ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से संवाद कर यह जानने का प्रयास भी किया जाएगा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से उनके जीवन में किस तरह का बदलाव आया है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को लेकर भी लोगों से चर्चा की जाएगी। यात्रा तिरंगे के साथ देशभक्ति के भाव से निकाली जाएगी।
—यूपी के 46, एमपी के 55 और राजस्थान के 42 जिलों से गुजरेगी यात्रा
दिलीप पटेल के अनुसार, यात्रा उत्तर प्रदेश के 46 जिलों, मध्य प्रदेश के 55 जिलों और राजस्थान के सभी 42 जिलों से होकर गुजरेगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से ‘जन सेवा ही प्रभु सेवा’ के विचार को गांवों और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
पूरे आयोजन और यात्रा का संयोजन भाजयुमो करेगा। प्रतिदिन करीब 100 किलोमीटर की यात्रा के दौरान प्रत्येक जिले में तीन से चार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बाइक टोली के स्थानीय स्तर पर पहुंचने पर सबसे पहले स्वागत कार्यक्रम होगा। इसके बाद एलईडी स्क्रीन के माध्यम से करीब 15 मिनट की फिल्म प्रदर्शित की जाएगी और लोगों को यात्रा के उद्देश्य तथा सेवा संकल्प अभियान की जानकारी दी जाएगी।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित होने वाली इस बाइक यात्रा को सफल बनाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। यात्रा के माध्यम से सेवा, संवाद और राष्ट्र निर्माण के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

