बाल विवाह मुक्त भारत अभियान: मुजफ्फरनगर के 349 विद्यालयों में 1.52 लाख विद्यार्थियों ने ली शपथ

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान: मुजफ्फरनगर के 349 विद्यालयों में 1.52 लाख विद्यार्थियों ने ली शपथ

मुजफ्फरनगर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के संकल्प के साथ शुक्रवार को जनपद में अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह मुक्त दिवस पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। ग्रामीण समाज विकास केंद्र (GSVK) और सहयोगी संस्था जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में न्यायिक अधिकारियों, पुलिस-प्रशासन, शिक्षकों, विद्यार्थियों, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। अभियान के तहत जनपद के 349 विद्यालयों में एक साथ करीब 1.52 लाख विद्यार्थियों ने बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ ली। आयोजकों ने वर्ष 2030 तक मुजफ्फरनगर को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया।

रैली को हरी झंडी दिखाकर किया अभियान का शुभारंभ

मुख्य कार्यक्रम के तहत शुक्रवार सुबह सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. सत्येंद्र चौधरी तथा पुलिस अधीक्षक (अपराध) श्रीमती इंदु सिद्धार्थ ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं तथा पुलिस प्रशासन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। रैली के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक किया गया और इस कुप्रथा को रोकने में सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया गया।

डीएवी इंटर कॉलेज में 3300 विद्यार्थियों ने लिया संकल्प

डीएवी इंटर कॉलेज, मुजफ्फरनगर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश राजीव कमल पांडे, समस्त न्यायिक अधिकारीगण, शासन-प्रशासन के अधिकारी, शिक्षक और करीब 3300 विद्यार्थी शामिल हुए। इस दौरान विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इसे रोकने के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

अभियान के तहत जनपद के कुल 349 विद्यालयों में एक साथ लगभग 1,52,000 विद्यार्थियों ने बाल विवाह मुक्त भारत बनाने की शपथ ली। आयोजकों ने इसे जनपद में बड़े स्तर पर हुई जागरूकता पहल बताते हुए नया कीर्तिमान स्थापित होने का दावा किया। वहीं पीआर पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर बाल विवाह के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया।

460 महिलाओं को पहले ही किया गया था जागरूक

अभियान के तहत 22 नवंबर को संत निरंकारी सत्संग भवन में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें मोरना, सदर, चरथावल और पुरकाजी ब्लॉक के चयनित गांवों की महिलाओं ने हिस्सा लिया। संस्था के सदस्य गौरव मलिक और रविता ने महिलाओं को बाल विवाह से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु की बालिका का विवाह कानून के विरुद्ध है और बाल विवाह में शामिल होने या सहयोग करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। बाल विवाह की जानकारी मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना देने की अपील भी की गई। इस कार्यक्रम में करीब 460 महिलाओं ने प्रतिभाग किया।

दीप जलाकर ग्रामीणों ने दिया जागरूकता का संदेश

26 नवंबर की पूर्व संध्या पर ग्रामीण क्षेत्रों में ‘एक दिया, एक रोशनी, एक मशाल’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके तहत महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने दीप जलाकर बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाई। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को इस सामाजिक कुरीति के विरुद्ध एकजुट होने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने का संदेश दिया गया।

2030 तक बाल विवाह मुक्त मुजफ्फरनगर बनाने की अपील

संस्था के सचिव मेहरचंद ने नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक मुजफ्फरनगर को बाल विवाह मुक्त बनाना है। कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले तो चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दें। उन्होंने अभिभावकों से बालिकाओं को शिक्षित बनाने और कम उम्र में उनका जबरन विवाह न कराने का आग्रह किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जनपद कोऑर्डिनेटर राहुल सिंह, संस्था प्रबंधक गजेंद्र सिंह तथा सदस्य गौरव मलिक और रविता कुमारी का विशेष सहयोग रहा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *