गाजियाबाद में बारिश बनी मासूम की मौत का कारण, गली में भरे पानी में डूबकर तीन साल की बच्ची की दर्दनाक मौत, गुस्साए लोगों ने लगाया जाम

गाजियाबाद में बारिश बनी मासूम की मौत का कारण, गली में भरे पानी में डूबकर तीन साल की बच्ची की दर्दनाक मौत, गुस्साए लोगों ने लगाया जाम

गाजियाबाद। लगातार हो रही बारिश ने गाजियाबाद में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। जलभराव की समस्या के बीच विजयनगर थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां गली में भरे बारिश के पानी में डूबने से तीन वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने नगर निगम की लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद लोगों को शांत कराया।

मृतक बच्ची की पहचान मानवी उर्फ पल्लवी, पुत्री सुमित कुमार, उम्र करीब तीन वर्ष के रूप में हुई है। परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद के ग्राम सिरौली का रहने वाला है और पिछले करीब एक वर्ष से विजयनगर के सर्वोदय नगर गली नंबर 16 स्थित एक किराए के मकान में रह रहा था।

परिजनों के अनुसार लगातार बारिश के चलते घर के बाहर गली में काफी पानी भर गया था। इसी दौरान मासूम बच्ची खेलते हुए घर से बाहर निकल गई। बताया जा रहा है कि पानी से भरी गली में उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बच्ची को बाहर निकाला और परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मासूम की मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने नगर निगम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि क्षेत्र में लंबे समय से सीवर और नालों की सफाई नहीं कराई गई है, जिसके कारण हर बारिश में गलियों में जलभराव हो जाता है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

हंगामे और जाम की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी उपासना पांडे ने परिजनों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए और जाम समाप्त कराया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं नगर निगम के अधिकारियों की मौजूदगी में बच्ची का अंतिम संस्कार कराया जाएगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सर्वोदय नगर क्षेत्र में नालों और सीवर की तत्काल सफाई कराई जाए तथा जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी दर्दनाक त्रासदी का सामना न करना पड़े।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *