नहाय-खाय के साथ गूंजा छठी मैया का जयकारा, सूर्य उपासना के महापर्व पर बाजारों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

नहाय-खाय के साथ गूंजा छठी मैया का जयकारा, सूर्य उपासना के महापर्व पर बाजारों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

लखनऊ। सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक चार दिवसीय लोक महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। महापर्व को लेकर बाजारों में खास रौनक देखने को मिली। पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, सूप, दौरा, मिट्टी के बर्तन और तरह-तरह के मौसमी फलों की खरीदारी के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। पर्व के अगले चरण में शनिवार को खरना, रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और सोमवार की सुबह उगते सूर्य को उषा अर्घ्य देने के बाद व्रती पारण करेंगे।

खरना की पूजा के बाद व्रती करीब 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखते हैं। कठिन नियमों और पूरी श्रद्धा के साथ किया जाने वाला यह व्रत भक्ति, विश्वास, आत्मसंयम और इच्छाशक्ति का अनूठा उदाहरण माना जाता है।

प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है छठ पर्व

छठ महापर्व के दौरान बाजारों में सजाए गए मौसमी फल और पूजा सामग्री पर्व की रौनक बढ़ा रहे हैं। प्रकृति से प्राप्त इन सामग्रियों के माध्यम से सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया जाता है। सूप, दौरा और मिट्टी के बर्तनों का भी पूजा में विशेष महत्व है। यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ ही उसके संरक्षण और उर्वरता को सहेजने का संदेश देता है।

छठ पूजा में प्रकृति प्रदत्त वस्तुओं को प्रसाद के रूप में अर्पित करने की परंपरा है। श्रद्धालु सूर्य देव और छठी मैया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना करते हैं। पर्व में शारीरिक, मानसिक और वाचिक शुद्धता के साथ सात्विकता का विशेष ध्यान रखा जाता है।

सूर्य देव और छठी मैया की आराधना का पौराणिक महत्व

भगवान सूर्य को जीवन और ऊर्जा का आधार माना जाता है। पृथ्वी पर जीव-जगत के अस्तित्व और जीवनचक्र में सूर्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि पर सूर्य देव की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। मान्यता है कि इस आराधना से सूर्य देव और उनकी बहन मानी जाने वाली प्रकृति की देवी छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

छठ पर्व का पौराणिक महत्व भी है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, लंका विजय के बाद अयोध्या लौटने पर भगवान श्रीराम और माता सीता ने छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की थी। वहीं, महाभारत में सूर्य पुत्र कर्ण द्वारा नियमित रूप से सूर्य उपासना किए जाने का वर्णन मिलता है।

इस महापर्व पर नदियों और जलाशयों के किनारे बने घाटों पर श्रद्धालुओं का उमड़ने वाला जनसैलाब सामूहिक आस्था, एकता और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बनता है। मूल रूप से बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में व्यापक रूप से मनाया जाने वाला यह पर्व अब देश के अन्य राज्यों के साथ-साथ विदेशों में बसे भारतीय समुदायों के बीच भी पूरे उत्साह से मनाया जाता है।

चार दिनों तक चलती है पूजा और उपवास की कठिन साधना

छठ पूजा की सामग्री खरीद रही विभा शर्मा और दीपा सागर ने बताया कि यह महापर्व लगातार चार दिनों तक पूरी पवित्रता और सात्विकता के साथ परिवार के सदस्यों के सहयोग से मनाया जाता है। पहले दिन नहाय-खाय के तहत व्रती स्नान आदि के बाद सेंधा नमक, घी में बने अरवा चावल और कद्दू या लौकी की सब्जी ग्रहण करते हैं।

दूसरे दिन खरना होता है। इस दिन व्रती पूरे दिन अन्न-जल त्यागकर शाम को स्नान और पूजा-अर्चना के बाद गुड़ की खीर सहित पारंपरिक प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद निर्जला व्रत शुरू हो जाता है।

तीसरे दिन व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित करते हैं। चौथे और अंतिम दिन सुबह उगते सूर्य को उषा अर्घ्य दिया जाता है। इसके बाद पारण कर व्रत पूरा किया जाता है।

पूरे पर्व के दौरान स्वच्छता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। भोजन में लहसुन-प्याज सहित तामसिक खाद्य पदार्थों का प्रयोग नहीं किया जाता। पूजा-पाठ के साथ पारंपरिक लोकगीतों और भक्ति गीतों के माध्यम से भी छठी मैया और सूर्य देव की महिमा का गुणगान किया जाता है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *