BHU में देशभर के वैज्ञानिकों का जमावड़ा, पृथ्वी एवं पर्यावरण विज्ञान की चुनौतियों पर तीन दिवसीय मंथन शुरू

BHU में देशभर के वैज्ञानिकों का जमावड़ा, पृथ्वी एवं पर्यावरण विज्ञान की चुनौतियों पर तीन दिवसीय मंथन शुरू

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में बुधवार से तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन की शुरूआत हुर्ई। सम्मेलन में देश भर के भूविज्ञानियों तथा पर्यावरण वैज्ञानिकों की जुटान हुई है। बीएचयू के भूविज्ञान विभाग, विज्ञान संस्थान की ओर से विज्ञान संस्थान के सेमिनार कॉम्प्लेक्स स्थित महामना हॉल में आयोजित ‘पृथ्वी एवं पर्यावरण विज्ञान में प्रगति: चुनौतियाँ एवं अवसर ‘ विषयक सम्मेलन में दिग्गज वैज्ञानिक व शोधकर्ता भी भाग ले रहे है। 20 नवम्बर तक चलने वाले इस सम्मेलन में प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए है।
जिनमें सर्वेक्षण, रिमोट सेंसिंग, जीआईएस और जीपीएस के उपकरणों सहित उन्नत भू-स्थानिक उत्पादों, सेवाओं और तकनीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है। सम्मेलन के संयोजकों प्रो० बिंध्याचल पाण्डेय तथा प्रो० प्रकाश कुमार सिंह ने बताया कि सम्मेलन के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि सीएसआईआर राष्ट्रीय समुद्र विज्ञान संस्थान, एनआईओ, गोवा के निदेशक प्रोफेसर सुनील कुमार सिंह एवं विशिष्ट अतिथि बीरबल साहनी पुराविज्ञान, संस्थान बीएसआईपी, लखनऊ के निदेशक प्रोफेसर महेश जी ठक्कर है।
अध्यक्षता बीएचयू के कुलपति प्रोफेसर अजित कुमार चतुर्वेदी कर रहे है। विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रोफेसर संजय कुमार एवं विज्ञान संस्थान के संकाय प्रमुख प्रोफेसर अरुण देव सिंह भी उद्घाटन समारोह को संबोधित करेंगे। प्रो० बिंध्याचल पाण्डेय तथा प्रो० प्रकाश कुमार सिंह के अनुसार सम्मेलन में तीन दिन तक देश भर से पृथ्वी एवं पर्यावरण विज्ञान के वैज्ञानिक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी भाग लेंगे तथा समसामयिक ज्वलंत विषयों जैसे कि जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक आपदाएं, खनिज एवं जल संसाधन एवं संरक्षण तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग जैसे विषयों पर विचार विमर्श करेंगे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *