कैराना। कैराना में मुगल दौर के ऐतिहासिक नवाब तालाब हुए अवैध कब्जे पर पालिका प्रशासन ने बुलडोजर चलवा दिया। इस दौरान आंशिक निर्माण को तुड़वाया गया। वहीं, कब्जाधारियों को सूचीबद्ध किया गया।
कैराना कस्बे में मुगल दौर के बादशाह जहांगीर ने नवाब तालाब स्थापित कराया था, जिसका निर्माण हकीम नवाब अली मुकर्रब खां ने शिष्य दैत्यों द्वारा कराया था। तालाब की खूबसूरती निहारने के लिए लोग दूर-दराज से आया करते थे। लेकिन, यह ऐतिहासिक धरोहर दुर्दशा का शिकार है। तालाब पर किए गए अवैध कब्जों को हटवाने के लिए नगरपालिका प्रशासन हरकत में आया है। सोमवार को नगरपालिका की ईओ एवं एसडीएम न्यायिक मणि अरोड़ा टीम के साथ में ऐतिहासिक नवाब तालाब पर पहुंची। जहां उन्होंने तालाब की भूमि पर अवैध रूप से किए गए आंशिक कब्जे को बुलडोजर चलवा हटवा दिया। इसके अलावा तालाब की भूमि पर अवैध रूप से मकानों में रहने वाले लोगों की सूची भी तैयार कराई गई है। हालांकि, जिन लोगों का यहां अवैध कब्जा बताया जा रहा है और वे मकानों में रह रहे हैं, उनमें अधिकतर के पास में नगरपालिका के हाउस टैक्स की रसीद भी बताई जाती है। विद्युत कनेक्शन भी उनके पास में हैं। इसके अलावा दो लोगों के मकान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने पाए गए हैं। ऐसे में सरकारी तंत्र को लेकर भी तमाम तरह के सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल, नगरपालिका प्रशासन का कहना है कि कब्जाधारियों को नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद अग्रिम कार्यवाही की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।