crime
Trending
नाबालिग को भगाने के आरोप में तीन पर मुकदमा
गांव भैंसवाल के मजरा रामगढ निवासी एक भट्टा मजदूर ने तीन युवकों पर नाबालिग पुत्री को बहला फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए थाने पर मुकदमा दर्ज कराया है

गढीपुख्ता। क्षेत्र के गांव भैंसवाल के मजरा रामगढ निवासी एक भट्टा मजदूर ने तीन युवकों पर नाबालिग पुत्री को बहला फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए थाने पर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपितों की तलाश में दबिश दी लेकिन न तो लडकी और न ही आरोपितों का कोई सुराग लग पाया। जानकारी के अनुसार गढीपुख्ता क्षेत्र के गांव भैंसवाल के मजरा रामगढ निवासी एक भट्टा मजदूर ने गढीपुख्ता थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि वह, उसकी पत्नी तथा उसकी नाबालिग पुत्री भट्टे पर काम करते हैं। गत दिवस वह भट्टे से काम कर वापस घर आ गए थे। करीब चार बजे उसकी पुत्री घर से भैंस खोलकर नहर पर चली गयी। कुछ देर बाद भैंस तो वापस लौट आई लेकिन उसकी पुत्री नहीें आई। पीडित ने भैंसवाल निवासी सरद पुत्र सहदेव व उसके साथियों नदीम पुत्र नूरहसन तथा भूरा पुत्र मकसूद पर उसकी पुत्री को बहला फुसलाकर अपने साथ भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कई दिन से सरद अपने दोनों साथियों के साथ उनके घर के चक्कर लगा रहा था। गत दिवस भी उक्त तीनों भट्टे पर ही पहुंच गए थे जहां उसने तीनों को जमकर फटकार भी लगायी थी जिसके बाद उक्त तीनों वहां से चले गए थे। उसने अपनी पुत्री की रिश्तेदारी व अन्य जगहों पर भी तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। पीडित ने तीनों युवकों पर ही उसकी पुत्री को भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की गुहार लगायी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपितों पर मुकदमा दर्ज करते हुए उनकी तलाश में दबिश भी दी लेकिन न तो लडकी और न ही तीनों आरोपितों का कोई सुराग लग पाया।



