कांधला। रामलीला मंचन देखकर घोड़ा बुग्गी में सवार होकर कस्बा एलम लौट रहे आधा दर्जन से अधिक लोगों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। अज्ञात वाहन की टक्कर से घोड़े की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि घोड़ा बोगी में सवार आधा दर्जन से अधिक महिला पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने सभी घायलों को कस्बे के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने घायलों को हालत को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। अज्ञात वाहन चालक अपने वाहन को लेकर मौके से फरार हो गया।
थाना क्षेत्र के कस्बा एलम निवासी शशि पुत्र मेघराज अपनी पत्नी उर्मिला , हिना पत्नी सोनू, जयपाल पुत्र बनारसी और अपने रिश्तेदार पारुल पुत्री रामलाल, मुस्कान पुत्री रामलाल, सोनू पुत्र रामलाल और निश्चित पुत्र सोनू निवासी ग्राम ओसिक्का थाना बड़ौत के साथ मंगलवार की देर शाम घोड़ा बग्गी में सवार होकर कस्बे में चल रही रामलीला मंचन देखने के लिए आए थे। देर रात तक सभी लोगों ने मेला देखा उसके बाद सभी लोग रामलीला मंचन देखने के बाद बुधवार की सुबह तीन बजे अपनी घोड़ा बुग्गी में सवार होकर वापस अपने गांव कस्बा एलम लौट रहे थे। जैसे ही घोड़ा बुग्गी कस्बा एलम के निकट पहुंची तो बड़ौत की ओर से आ रहे अज्ञात वाहन ने घोड़ा बुग्गी में टक्कर मार दी। अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से घोड़े की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि घोड़ा बुग्गी में सवार आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अज्ञात वाहन चालक अपने वाहन को लेकर मौके से फरार हो गया। घायलों की चीख पुकार सुनकर हाईवे से गुजर रहे कार सवारों ने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को देने के साथ ही 108 एंबुलेंस को दी। राहगीरों की सूचना पर स्थानीय पुलिस सहित 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को कस्बे के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने घायलों की हालत को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक श्यामवीर सिंह का कहना है कि अज्ञात वाहन की टक्कर से घोड़ा बुग्गी में सवार आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जाएगी।