भारत जोड़ो यात्रा: 60 कंटेनर में रात्रि विश्राम करेंगे राहुल और अन्य यात्री

कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा में शामिल राहुल गांधी और अन्य यात्री कुल 60 कंटेनर में रात्रि विश्राम करेंगे तथा प्रतिदिन इन कंटेनर को ट्रक के जरिये दूसरे स्थान पर ले जाया जाएगा। पार्टी महासचिव जयराम रमेश के अनुसार राहुल गांधी समेत कुल 230 लोगों ने सात सितंबर को 60 कंटेनर में रात्रि विश्राम किया था। उन्होंने कहा कि इन कंटेनर में दो, चार, छह और 12 बिस्तर तक लगाए गए हैं तथा ‘मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि रोजाना इन कंटेनर को ट्रकों के माध्यम से उस निर्धारित स्थान पर पहुंचाया जाएगा जहां यात्रा में शामिल लोग रात्रि विश्राम करेंगे।

रमेश के मुताबिक, भारत जोड़ो यात्रा के लिए कुल 60 कंटेनर तैयार किए गए हैं और सात सितंबर को यात्रा की शुरुआत के पहले दिन राहुल गांधी समेत कुल 230 लोग ठहरे थे। उन्होंने कहा कि इनमें 118 ‘भारत यात्री , ‘अतिथि यात्री , ‘प्रदेश यात्री और सुरक्षा से जुड़े लोग शामिल थे। उन्होंने कहा, ‘‘इन कंटेनर में कोई टेलीविजन नहीं है, पंखा जरूर है। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा की समन्वय समिति के प्रमुख दिग्विजय सिंह ने कहा कि कंटेनर एक रेलगाड़ी के स्लीपर डिब्बे की तरह हैं।

यह पूछे जाने पर कि क्या इन कंटेनर में एयर कंडीशन (एसी) हैं तो उन्होंने कहा कि इस तरह के मौसम में एसी की जरूरत नहीं पड़ती है। इस बीच, कांग्रेस ने आज देर रात इन कंटेंनरों के भीतर के कुछ वीडियो जारी किये है जिसमें बिस्तरों, शौचालय को दिखाया गया है। कुछ कटेनरों में एसी भी देखे जा सकते है। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि भाजपा के आईटी सेल द्वारा फैलाये जा रहे झूठ को बेनकाब करने के लिए ये वीडियो जारी किये गए हैं।

उधर, दिग्विजय सिंह ने बताया कि यात्रा में शामिल लोगों के लिए विश्राम स्थलों की व्यवस्था प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन ध्वजवंदन और वंदे मातरम और राष्ट्रगान के गायन के साथ इस यात्रा की शुरुआत होगी। इस बीच, जयराम रमेश ने दावा किया कि उनके एक समन्वयक लक्षद्वीप जाना चाहते थे, लेकिन प्रशासक प्रफुल्ल पटेल ने अनुमति नहीं दी।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने यहां विवेकानंद पॉलिटेक्निक से 118 अन्य भारत यात्रियों और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा की शुरुआत की। पार्टी ने राहुल गांधी समेत 119 नेताओं को भारत यात्री नाम दिया है जो कन्याकुमारी से पदयात्रा करते हुए कश्मीर तक जाएंगे। ये लोग कुल 3,570 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *