संभल। संभल जनपद के रजपुरा थाना इलाके में गांव उमेदपुर के पास गंगा किनारे जिन अधेड़ महिला और पुरुष की हत्या करके शव फेंके गए थे उनकी शिनाख्त हो गई है। शव बदायूं जिले में उझानी निवासी व्यक्ति और कई साल से उनके साथ रह रही दिल्ली निवासी महिला के थे। दोनों पिछले कई साल से पति-पत्नी की तरह इस्लामनगर में रह रहे थे। अभी दोनों की हत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

गांव उमेदपुर के जंगल में सोमवार देर रात गंगा किनारे कार सवार लोगों ने एक व्यक्ति की हत्या कर शव वहीं फेंक दिया था। वहीं कुछ दूरी पर मंगलवार की सुबह अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। दोनों शवों की शिनाख्त बुधवार को हो गई। महिला की शिनाख्त किरन सोन पत्नी महेंद्र सोन निवासी न्यू चांद मोहल्ला पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई, जबकि पुरुष की शिनाख्त बदायूं जिले में उझानी निवासी कृपाल सिंह के रूप में हुई। दोनों शवों की शिनाख्त हो जाने के बाद पुलिस ने मृतकों के परिजनों को जानकारी दी। सूचना पाकर बुधवार शाम महिला के परिजन रजपुरा थाने पहुंच गए। वहीं उझानी से भी कृपाल सिंह के परिजन पहुंच गए। पुलिस दोनों के परिजनों से जानकारी कर रही है।

कई वर्षों से इस्लाम नगर में पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे दोनों
संभल। रजपुरा के जंगल में जिस पुरुष और महिला की हत्या की गई वह पिछले कई साल से पति-पत्नी की तरह से इस्लामनगर में साथ रह रहे थे। ऐसे में उनकी हत्या किसने और क्यों की यह साफ नहीं हो पाया है।
उझानी निवासी कृपाल सिंह दिल्ली निवासी किरन सोन के साथ बीते दो-तीन वर्षों से रह रहा था। कृपाल सिंह इस्लामनगर में रह रहा था। दोनों की हत्या किसने और क्यों की है, बुधवार की शाम तक पुलिस गुत्थी को नहीं सुलझा सकी। थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि दोनों शवों की शिनाख्त हो गई है। दोनों के परिजन आ गए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस साक्ष्य तलाश कर जल्द वारदात का खुलासा करेगी।
तो हत्यारों ने जान बूझकर छोड़ा था परचिय पत्र
रजपुरा थाना इलाके में गंगा किनारे महिला और पुरुष की हत्या कर शव डाले गये तो पुलिस ने महिला के शव के पास ही दिल्ली प्रदेश का एक खाद्यान्न परिचय पत्र बरामद किया था। इस परिचय पत्र पर महिला का नाम और दिल्ली का पता लिखा था। अब सवाल यह खड़ा हो रहा है कि क्या हत्यारों ने महिला के शव की शिनाख्त की मंशा से पहचान पत्र शव के पास छोड़़ा था या वह पुलिस को गुमराह कर बदायूं के बजाय दिल्ली में भटकाना चाहते थे।
साक्ष्य जुटाने को दोनों शवों के हुए एक्स-रे
पुलिस ने महिला और पुरुष की मौत किस प्रकार से हुई। इसकी पुख्ता जानकारी करने के लिए दोनों के शवों का एक्स-रे कराया है। पहले पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया पूरी कर ली थी, लेकिन फिर दोनों शव एक्स-रे कराने के लिए भेज दिए। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों शवों का एक्स-रे हो जाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
