मुजफ्फरनगर में डॉक्टर ने नशे में टल्ली होकर किया गर्भवती महिला का ऑपरेशन, मौत के बाद हंगामा

मुजफ्फरनगर जिले के एक हॉस्पिटल में डॉक्टर द्वारा शराब के नशे में गर्भवती महिला का ऑपरेशन करने का मामला सामने आया है। ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए लोगों ने अस्पताल के बाहर घंटों हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने शराब पीकर ऑपरेशन किया था, जिस कारण गर्भवती महिला को मौत हुई है। परिजनों ने डॉक्टर पर कार्रवाई कराने की मांग की है। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे ग्रामीणों को जैसे-तैसे समझा-बुझाकर शांत किया। वहीं, डॉक्टर अस्पताल को छोड़कर फरार हो गए हैं।

दरअसल, यह घटना मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र के भोपा गांव स्थित आदर्श हॉस्पिटल की है। आरोप है कि यह अस्पताल बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहा है, जिसमें भोपा थाना क्षेत्र के गांव रहकड़ा निवासी मोहम्मद मेहंदी अपनी पत्नी को दिखाने के लिए अस्पताल में आया था। डॉक्टरों ने महिला को नार्मल डिलीवरी का आश्वासन देकर अस्पताल में भर्ती कर लिया। आरोप है कि रात में बिना बताए डॉक्टरों ने महिला का ऑपरेशन कर दिया और ऑपरेशन के दौरान ही महिला की मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि महिला की मौत होने पर आनन-फानन में डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। जहां डॉक्टरों ने उसके मृत होने की पुष्टि की। इसके बाद महिला के परिजन शव को लेकर फिर से आदर्श अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि जब डॉक्टर ने महिला का ऑपरेशन किया तो वह शराब के नशे में था।

महिला के परिजनों ने अस्पताल पर कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि यह पहली घटना नहीं हैं, जब बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे हॉस्पिटल में इस तरह की घटना हुई है। इससे पहले भी ऐसी कई घटना हो चुकी है। लेकिन, जिला स्वास्थ्य विभाग इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करता। इसलिए जगह-जगह इस तरह के हॉस्पिटल खुल रहे हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *