मुजफ्फरनगर में श्रीमद् भागवत कथा के समापन पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, हजारों ने ग्रहण किया भंडारे का प्रसाद; शुकतीर्थ में रोपे जाएंगे नौ पौधे

मुजफ्फरनगर में श्रीमद् भागवत कथा के समापन पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, हजारों ने ग्रहण किया भंडारे का प्रसाद; शुकतीर्थ में रोपे जाएंगे नौ पौधे

मुजफ्फरनगर। रेशू विहार स्थित रेशू प्रांगण में 13 से 19 नवंबर तक आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा एवं धार्मिक अनुष्ठान के समापन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भोजन प्रसाद ग्रहण किया और धर्मलाभ प्राप्त किया। इससे पहले सुबह छह बजे से नौ बजे तक हवन-यज्ञ का आयोजन हुआ, जिसमें करीब 300 श्रद्धालुओं ने पूर्णाहुति देकर देश के 140 करोड़ भारतीयों के चहुंमुखी विकास, सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

कथाव्यास श्री शांतनु जी महाराज के श्रीमुख से सात दिनों तक चली भागवत कथा में श्रद्धालुओं को धर्म, अध्यात्म और सद्कर्मों का संदेश दिया गया। कथा के दौरान लोगों ने अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और समाज व राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। समापन दिवस पर सुबह से ही रेशू प्रांगण में धार्मिक वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं और पूर्णाहुति के बाद देशवासियों की उन्नति तथा सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

कथाव्यास और देवी-देवताओं को दी विदाई, शहीदों को किया नमन

हवन-यज्ञ के उपरांत कथाव्यास श्री शांतनु जी महाराज को विदाई दी गई। साथ ही अनुष्ठान के दौरान स्थापित देवी-देवताओं की विधिवत विदाई की गई। आयोजन में देश के शहीदों को नमन किया गया तथा पूर्वजों और देवी-देवताओं को भोग अर्पित किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा शुरू हुआ, जिसमें सुबह से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया। भोजन वितरण की व्यवस्था ब्रह्माकुमारी बहन बबीता जी के नेतृत्व में उनकी 25 सहयोगी बहनों ने संभाली। सभी ने व्यवस्थित ढंग से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कराया। इस दौरान प्रशासक जिला पंचायत डॉ. वीरपाल निर्वाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष श्रीमती अंजू अग्रवाल, उद्योग फेडरेशन से अशोक अग्रवाल, एडवोकेट ज्ञान कुमार, अग्रवाल सम्मेलन के उपाध्यक्ष विनोद सिंघल, सत्यप्रकाश रेशू और रेशू परिवार के सदस्यों ने भी स्वयं श्रद्धालुओं को भोजन प्रसाद परोसा। शाम के समय साईं धाम में भी बड़ी संख्या में लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।

शुकतीर्थ में रोपे जाएंगे कथा में स्थापित नौ पौधे

सात दिवसीय धार्मिक आयोजन में पर्यावरण संरक्षण की पहल को भी विशेष स्थान दिया गया। श्रीमद् भागवत कथा के दौरान नवग्रहों के प्रतीक के रूप में स्थापित किए गए नौ पौधों को जनपद की धार्मिक स्थली शुकतीर्थ में रोपित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इन पौधों से विकसित होने वाले वृक्ष पर्यावरण संरक्षण के साथ औषधीय उपयोग में भी सहायक होंगे।

इस पहल के माध्यम से लोगों को प्राकृतिक संपदा के महत्व और वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। श्रद्धालुओं से भी अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की गई। आयोजकों का कहना था कि धार्मिक आयोजनों के साथ प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण का संदेश समाज तक पहुंचाना भी जरूरी है।

कथा स्थल पर सात दिनों तक तोता और मैना भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे। दोनों पक्षी पूरे आयोजन के दौरान वहां शांतिपूर्वक मौजूद रहे। इसी बीच एक तोता उड़ गया तो दूसरे ने भी उड़ने का प्रयास किया। इस घटना को लेकर श्रद्धालुओं के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हुईं। मान्यता के अनुसार, दोनों पक्षी एक साथ उड़ जाते हैं अथवा उड़कर गया पक्षी कुछ दिन बाद स्वयं लौट आता है। कथा स्थल पर पक्षियों की मौजूदगी भी आयोजन की विशेष चर्चाओं में शामिल रही।

भागवत कथा का उद्देश्य जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना : सत्यप्रकाश रेशू

आयोजक रेशू एडवरटाइजिंग के स्वामी सत्यप्रकाश रेशू ने बताया कि शुकतीर्थ की उद्गमस्थली क्षेत्र रेशू विहार में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान का उद्देश्य केवल कथा श्रवण तक सीमित नहीं था। इसके माध्यम से देश के 140 करोड़ भारतीयों के चहुंमुखी विकास, सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की गई। कथाव्यास श्री शांतनु जी महाराज के मार्गदर्शन में देश और विश्व के हिंदुओं को एकमत करने की दिशा में प्रयास करने का संकल्प भी लिया गया।

उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा का वास्तविक उद्देश्य व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना और उसे समाज तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराना है। धार्मिक और आध्यात्मिक विचारों से प्रेरणा लेकर व्यक्ति अपने व्यवहार और जीवनशैली में बदलाव ला सकता है। उन्होंने मीरा बाई, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह, किसान नेता चौधरी चरण सिंह, पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अनेक महापुरुषों का उल्लेख करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

सत्यप्रकाश रेशू ने प्रचार-प्रसार को भी भागवत का सार बताते हुए विज्ञापन क्षेत्र की संभावनाओं पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि सरकार विज्ञापन के क्षेत्र में बेहतर नीतियां बनाकर राजस्व अर्जित करने के साथ ही करोड़ों रुपये की बचत भी कर सकती है।

21 नवंबर को होगा तुलसी विवाह, कन्या विवाह कराने की भी घोषणा

आयोजक सत्यप्रकाश रेशू ने बताया कि 21 नवंबर को रेशू प्रांगण में तुलसी विवाह का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सामाजिक पहल करते हुए घोषणा की कि यदि विवाह योग्य कोई कन्या मिलती है तो उसका विवाह भी वह अपने निजी खर्च पर कराएंगे।

उन्होंने लोगों से अपने आसपास अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की, ताकि पर्यावरण स्वच्छ और मानव जीवन के अनुकूल बना रहे। इस अवसर पर स्वच्छ भारत अभियान और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संकल्प भी दोहराया गया। श्रद्धालुओं को प्रतिदिन पक्षियों के लिए दाना डालने, गोमाता के लिए भोजन निकालने और पूर्वजों के निमित्त भोजन अर्पित करने की परंपरा अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

आयोजकों ने कहा कि धार्मिक आयोजन तभी सार्थक होते हैं, जब उनसे समाज में सेवा, दया, पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति करुणा की भावना विकसित हो। भंडारे में श्रद्धालुओं की सेवा के साथ इन सामाजिक और मानवीय संकल्पों को भी आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया।

पुलिस और नगर पालिका के सहयोग के लिए जताया आभार

सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग रहा। वहीं नगर पालिका की ओर से कथा स्थल के आसपास साफ-सफाई, जल छिड़काव, चूना डालने, मच्छरों की दवा का छिड़काव और चलता-फिरता शौचालय उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।

आयोजकों ने धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी विभागों, अधिकारियों, कर्मचारियों और सेवाभावी लोगों का आभार व्यक्त किया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *