मुजफ्फरनगर। मोबाइल कारोबार से जुड़े एक कारोबारी के साथ हुई दो करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में न्यायालय ने आरोपी को जमानत देने से इनकार कर दिया है। जांच में सामने आया था कि ठगी की रकम में से 4.80 लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में पहुंचे थे। आरोप है कि उसने यह धनराशि निकालकर अपने अन्य साथियों को सौंप दी थी। अभियोजन पक्ष की दलीलों और मामले से जुड़े तथ्यों पर सुनवाई के बाद अदालत ने आरोपी की जमानत अर्जी खारिज कर दी। आरोपी अक्टूबर माह से जिला कारागार में बंद है।

व्हाट्सएप संदेश के जरिए रची गई ठगी की साजिश
अभियोजन पक्ष के अनुसार, साइबर ठगी की यह घटना 20 जुलाई को हुई थी। ठगों ने सिविल लाइंस रोड स्थित शांति मदन हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. सहज गर्ग के चचेरे भाई और नई मंडी की पटेलनगर कॉलोनी निवासी कुशाग्र अग्रवाल को निशाना बनाया था। कुशाग्र अग्रवाल फ्यूचर मोबाइल एलएलपी कंपनी में साझेदार हैं। यह कंपनी देशभर में प्रमुख मोबाइल निर्माता कंपनियों के मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की थोक आपूर्ति करती है।

कारोबारी की व्हाट्सएप प्रोफाइल का किया इस्तेमाल
आरोप है कि साइबर ठगों ने कारोबारी की व्हाट्सएप प्रोफाइल का दुरुपयोग किया और पुरानी बातचीत की कुछ चैट के आधार पर उनके कर्मचारी संजय को संदेश भेजे। ठगों ने कारोबारी से जुड़ा होने का भरोसा दिलाकर कर्मचारी से बातचीत की और भुगतान के लिए एक बैंक खाते का विवरण भेज दिया। कर्मचारी को वास्तविक कारोबारी लेनदेन का विश्वास हो गया और उसने बताए गए खाते में रकम ट्रांसफर कर दी।
फर्जी खाते में ट्रांसफर करा लिए दो करोड़ रुपये
अभियोजन के मुताबिक, ठगों ने कर्मचारी को सुब्रह्मण्यम इंपेक्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से आईसीआईसीआई बैंक की बेगमपेट शाखा, हैदराबाद का खाता उपलब्ध कराया था। इसी खाते में दो करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। रकम खाते में पहुंचने के बाद ठगों ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। इसके बाद कारोबारी को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला और पुलिस से शिकायत की गई।
आरोपी के खाते में पहुंचे थे 4.80 लाख रुपये
मामले की जांच के दौरान साइबर थाना पुलिस ने 15 अक्टूबर को लखनऊ निवासी अनस उर्फ अयान गाजी को गिरफ्तार किया था। आरोपी मूल रूप से गांव जुत्ती गुलालपुर, इटौंजा का निवासी है और वर्तमान में मोहम्मदी मस्जिद, नवी नगर, मड़ियांव, लखनऊ में रह रहा था।
जांच में सामने आया कि साइबर ठगी की रकम में से 4.80 लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में पहुंचे थे। आरोप है कि अनस ने खाते में आई रकम निकालकर अपने अन्य साथियों को सौंप दी थी। पुलिस ने इस लेनदेन को मामले की जांच का अहम हिस्सा बनाया।
अदालत ने खारिज की जमानत अर्जी
गिरफ्तारी के बाद से आरोपी जिला कारागार में निरुद्ध है। उसने न्यायालय में जमानत के लिए अर्जी दाखिल की थी। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने आरोपी के बैंक खाते में ठगी की रकम पहुंचने और उसे निकालकर अन्य लोगों को सौंपने से जुड़े तथ्यों को अदालत के सामने रखा।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और मामले के तथ्यों पर विचार करने के बाद न्यायालय ने अनस उर्फ अयान गाजी की जमानत अर्जी खारिज कर दी। अदालत के इस फैसले के बाद आरोपी को फिलहाल जेल में ही रहना होगा।

