मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़: बिजली तार चोरी करने वाले दो अंतरजनपदीय चोर गिरफ्तार, 21 मुकदमों वाला बदमाश गोली लगने से घायल

मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़: बिजली तार चोरी करने वाले दो अंतरजनपदीय चोर गिरफ्तार, 21 मुकदमों वाला बदमाश गोली लगने से घायल

मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नई मंडी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने वसुंधरा कॉलोनी स्थित एक निर्माणाधीन मकान से बिजली फिटिंग के तार चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद दो अंतरजनपदीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए बिजली फिटिंग के तार, एक तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किया गया है।

रॉयल फार्म हाउस के सामने खाली प्लॉट में छिपे थे बदमाश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम वांछित अपराधियों की तलाश में जुटी थी।

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि रॉयल फार्म हाउस के सामने स्थित एक खाली प्लॉट में दो संदिग्ध बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में बैठे हैं। सूचना मिलते ही नई मंडी पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर प्लॉट की घेराबंदी कर दी। पुलिस को अपनी ओर आता देखकर दोनों बदमाश भागने लगे।

ईख के खेत में घुसकर पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने भागते समय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद दोनों पास ही स्थित ईख के खेत में घुस गए। बदमाशों की ओर से चलाई गई गोली से पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस टीम ने उन्हें फायरिंग बंद कर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने गोली चलाना जारी रखा।

इसके बाद पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी करते हुए आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने घायल बदमाश को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे आरोपी को खेत में तलाशी और कॉम्बिंग अभियान चलाकर दबोच लिया। घायल आरोपी की पहचान गुलाब उर्फ रिजवान के रूप में हुई। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।

20 अक्टूबर को निर्माणाधीन मकान से चोरी किए थे बिजली के तार

पुलिस पूछताछ में वसुंधरा कॉलोनी में हुई चोरी की घटना का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने बीती 20 अक्टूबर 2026 को योगेन्द्रपुरी कॉलोनी निवासी ऋषिपाल सिंह के वसुंधरा स्थित निर्माणाधीन मकान को निशाना बनाया था। आरोपियों ने मकान से लाखों रुपये कीमत के बिजली फिटिंग के तार चोरी कर लिए थे।

घटना के संबंध में पीड़ित की तहरीर पर थाना नई मंडी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। चोरी की वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस की विशेष टीम लगाई गई थी। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से इसी मुकदमे से संबंधित चोरी का पांच किलोग्राम बिजली फिटिंग का तार बरामद हुआ है।

बागपत और मेरठ के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलाब उर्फ रिजवान पुत्र इलियास उर्फ खलील निवासी ग्राम अफसराबाद, थाना रमाला, जनपद बागपत और शिवा पुत्र कुलदीप निवासी तखावली, थाना बहसूमा, जनपद मेरठ के रूप में की है। शिवा वर्तमान में करमूला पट्टी, थाना जानसठ, मुजफ्फरनगर में रह रहा था।

आरोपियों के कब्जे से चोरी के पांच किलोग्राम बिजली फिटिंग के तार के अलावा 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस बरामदगी और मुठभेड़ से जुड़े मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

घायल आरोपी पर कई जिलों में दर्ज हैं 21 मुकदमे

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी गुलाब उर्फ रिजवान का आपराधिक इतिहास खंगालने पर उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 21 संगीन मुकदमे दर्ज मिले हैं। उसके विरुद्ध मुजफ्फरनगर जनपद के बुढ़ाना, सिविल लाइन और शाहपुर थानों के अलावा शामली के कैराना और कांधला तथा बागपत के बड़ौत, दोघट और रमाला थानों में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी शिवा के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका

कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र, उपनिरीक्षक संदीप चौधरी, राकेश कुमार और शेखर कण्डपाल, हेड कांस्टेबल सुशील कुमार और अनुज कुमार तथा कांस्टेबल हिमांशु, विक्रांत, अनिल कुमार, कपिल, बबलू कुमार, जयदेव सिंह और सौरभ कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *