यूपी में छठ महापर्व की धूम, आज खरना के साथ शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत; कल डूबते सूर्य को दिया जाएगा पहला अर्घ्य

यूपी में छठ महापर्व की धूम, आज खरना के साथ शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत; कल डूबते सूर्य को दिया जाएगा पहला अर्घ्य

लखनऊ/वाराणसी। लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व डाला छठ के दूसरे दिन शनिवार को पूरे उत्तर प्रदेश में श्रद्धा और भक्ति का माहौल है। वाराणसी समेत प्रदेश के विभिन्न जनपदों में व्रती महिलाओं ने सुबह से ही निर्जला उपवास रखकर छठी मइया की आराधना की। दिनभर व्रत रखने के बाद शाम को खरना (संझवत) की परंपरा निभाई जाएगी। इसके साथ ही व्रती महिलाओं का 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत प्रारम्भ हो जाएगा।

खरना पर छठी मइया को लगेगा पारंपरिक प्रसाद का भोग

खरना के अवसर पर व्रती महिलाएं शाम को स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करेंगी और पूरे विधि-विधान से छठी मइया की पूजा-अर्चना करेंगी। इस दौरान छठी मइया को रसियाव (गुड़ की खीर), शुद्ध घी लगी रोटी, अरवा चावल, दूध, गुड़ और केला सहित पारंपरिक पकवानों का भोग लगाया जाएगा। पूजा के बाद व्रती महिलाएं प्रसाद ग्रहण कर खरना का अनुष्ठान पूरा करेंगी और परिवार के सदस्यों तथा शुभचिंतकों के बीच प्रसाद वितरित करेंगी।

खरना के बाद व्रती महिलाएं अगले 36 घंटे तक अन्न और जल का त्याग कर कठिन निर्जला व्रत रखेंगी। इस दौरान परिवार की सुहागिन महिलाओं की मांग भरकर उन्हें अखंड सौभाग्यवती रहने का आशीर्वाद देने की भी परंपरा निभाई जाएगी।

रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्पित होगा पहला अर्घ्य

महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती महिलाएं छठी मइया के पारंपरिक गीत गाते हुए सिर पर पूजा की टोकरी और प्रसाद से सजी देउरी लेकर गाजे-बाजे के साथ नदी, सरोवर और तालाबों के घाटों पर पहुंचेंगी। वहां सामूहिक रूप से छठी मइया की कथा सुनने के बाद अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इस दौरान भगवान सूर्य को विशेष रूप से तैयार ठेकुआ, मौसमी फल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की जाएगी।

महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार को व्रती महिलाएं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद पारण के साथ 36 घंटे के कठिन व्रत का समापन होगा।

घाटों और सरोवरों पर पूरी हुई तैयारियां

छठ महापर्व को लेकर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में नदियों, कुंडों, तालाबों और अस्थायी जलाशयों के किनारे तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वाराणसी में सामनेघाट से लेकर भैंसासुर घाट और बरेका स्थित सूर्य सरोवर तक पूजा के लिए वेदियां बनाई गई हैं। गंगा और वरुणा नदी के तट पर भी व्रती महिलाओं के परिजनों ने अपनी सुविधा के अनुसार पूजा स्थल तैयार किए हैं।

इसी तरह प्रयागराज, कानपुर, आगरा, लखनऊ, बलिया और गोरखपुर समेत प्रदेश के अन्य शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी छठ पूजा को लेकर उत्साह और उल्लास का वातावरण है। घाटों की साफ-सफाई, सजावट और पूजा की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है।

पारंपरिक छठ गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल

महापर्व के अवसर पर वाराणसी से लखनऊ और पूर्वांचल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक शहरों से लेकर गांवों तक छठ के पारंपरिक और आधुनिक गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। घरों में महिलाएं समूह बनाकर छठी मइया के गीत गा रही हैं और पूरे परिवार के साथ पूजा की तैयारियों में जुटी हैं।

हालांकि, आधुनिक गीतों के बीच छठ के पारंपरिक लोकगीतों का आकर्षण आज भी बरकरार है। ‘केरवा के पात पर उगs हो सूरज देव, भइल अरग के बेर’, ‘केरवा जे फरले घउद में ता पर सुग्गा मंडराए’, ‘मरबऊ रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरझाए’ और ‘हम तोहसे पूछिले बरतिया करेलू छठ बरतिया से केकरा लागी’ जैसे गीत व्रती महिलाओं और उनके परिजनों के बीच खासे लोकप्रिय हैं। वहीं, छठी मइया के सदाबहार गीत ‘बाट जे पूछेला बटोहिया, बहंगी केकरा के जाय’ और ‘कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए’ की मधुर धुन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। लोक आस्था, पारिवारिक एकजुटता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देने वाला यह महापर्व एक बार फिर पूरे प्रदेश में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *