शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा: बस से उतरकर जांच कर रहे कंडक्टर-हेल्पर को ट्रक ने कुचला, दोनों की मौत

शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा: बस से उतरकर जांच कर रहे कंडक्टर-हेल्पर को ट्रक ने कुचला, दोनों की मौत

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बस के कंडक्टर और हेल्पर की मौत हो गई। बस का पिछला शीशा टूटने के बाद नीचे उतरकर जांच कर रहे दोनों कर्मचारियों को पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, रविवार की देर रात दिल्ली से यात्रियों को लेकर एक बस झारखंड जा रही थी। परशुरामपुरी थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 257 के पास बस के पिछले शीशे से कोई वस्तु टकरा गई, जिससे शीशा चटक गया। इसके बाद चालक मृत्युंजय, कंडक्टर विपिन और हेल्पर कौशल बस से उतरकर जांच करने लगे।

जांच के बाद चालक बस में चढ़ गया, जबकि कंडक्टर और हेल्पर वापस बस में सवार होने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आए अज्ञात ट्रक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। पुलिस को सड़क पर बिखरे अवशेष एकत्र करने पड़े।

प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार चौहान ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान बिहार के गया निवासी कौशल(35) और औरंगाबाद निवासी विपिन(55) के रूप में हुई है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश और मामले की जांच कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *