मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में लालगंज थाना क्षेत्र के राजापुर गांव के पास वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 24 वर्षीय सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। वह कोतवाली देहात क्षेत्र के करनपुर-दहवा गांव निवासी भुईधर का पुत्र था।

सुनील सोमवार देर रात बाइक से लहंगपुर से घर लौट रहा था। राजापुर गांव के पास लहंगपुर पुलिस चौकी के निकट उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे राहगीरों ने सड़क पर युवक का शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी।

चौकी प्रभारी गुरु प्रसाद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाइक और युवक के पास मिले दस्तावेजों से उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुनील छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था और अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। चौकी प्रभारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार में बाइक अनियंत्रित होना लग रहा है। पुलिस इस आशंका की भी जांच कर रही है कि कहीं किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर या कट तो नहीं मारा था।

