मुजफ्फरनगर में भाजपा नेता राजबीर कश्यप का निधन: संजीव बालियान के आवास पर अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में मृत घोषित

मुजफ्फरनगर में भाजपा नेता राजबीर कश्यप का निधन: संजीव बालियान के आवास पर अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में मृत घोषित

मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और सहकारी केंद्रीय उपभोक्ता भंडार के चेयरमैन राजबीर कश्यप (55) का सोमवार को अचानक निधन हो गया। बताया गया कि उन्हें हृदयाघात हुआ था। घटना पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के एटूजेड कॉलोनी स्थित आवास पर हुई, जहां वह आगामी विधानसभा चुनाव-2027 के सिलसिले में समर्थकों और परिजनों के साथ मुलाकात करने पहुंचे थे। उनके निधन की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और पैतृक गांव लच्छेड़ा में शोक की लहर दौड़ गई।

जिलाध्यक्ष को सौंपा था बायोडाटा, चरथावल से मांगा था टिकट

मंसूरपुर क्षेत्र के गांव लच्छेड़ा निवासी राजबीर कश्यप लंबे समय से भाजपा से जुड़े हुए थे। सोमवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने भाई, पुत्र और ग्रामीणों के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी के गांव बडसू स्थित आवास पर पहुंचे थे। यहां उन्होंने जिलाध्यक्ष को अपना बायोडाटा सौंपकर आगामी विधानसभा चुनाव में चरथावल सीट से भाजपा का टिकट दिए जाने की दावेदारी पेश की।

करीब एक घंटे तक चुनावी रणनीति और अन्य मुद्दों पर चर्चा के बाद वह समर्थकों के साथ पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के एटूजेड कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंचे।

बाथरूम में अचेत मिले, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

पूर्व मंत्री के आवास पर राजबीर कश्यप की मुलाकात डॉ. संजीव बालियान के भाई विवेक बालियान से हुई। बातचीत के दौरान वह उठकर बाथरूम चले गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो साथ आए लोगों ने आवाज लगाई। कोई जवाब नहीं मिलने पर गांव के ही एक व्यक्ति ने अंदर जाकर देखा तो राजबीर कश्यप अचेत अवस्था में पड़े मिले।

आनन-फानन में उन्हें पास के एसकेबी आरोग्यम अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि हृदयगति रुकने के कारण उनका निधन हुआ।

संजीव बालियान ने गांव पहुंचकर जताया शोक

राजबीर कश्यप के आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही परिजनों और समर्थकों में शोक छा गया। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने गांव लच्छेड़ा पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और निधन पर गहरा दुख जताया।

गमगीन माहौल में किया गया अंतिम संस्कार

परिजन और समर्थक राजबीर कश्यप के पार्थिव शरीर को लेकर उनके पैतृक गांव लच्छेड़ा पहुंचे। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई और पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद देर शाम गांव में ही गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता, समर्थक और ग्रामीण शामिल हुए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *