फिरोजाबाद में तेज रफ्तार कार ने ग्रामीणों को रौंदा, दो किशोरियों समेत 4 की मौत, 8 घायल

फिरोजाबाद में तेज रफ्तार कार ने ग्रामीणों को रौंदा, दो किशोरियों समेत 4 की मौत, 8 घायल

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में थाना नसीरपुर क्षेत्र के गांव छटनपुर में रविवार देररात टेशू-झिझियां की शादी के बाद विसर्जन के लिए जा रहे ग्रामीणों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दो किशोरियों सहित चार लोगों की मौत हो गई। जबकि करीब 8 लोग घायल है। उनका अस्पताल में उपचार हो रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव छटनपुर में शरद पूर्णिमा के अवसर टेशू-झिझियां की शादी के बाद देररात सड़क किनारे स्थित कुएं में गांव की लड़कियां टेशू-झिझियां का विसर्जन कर रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी लड़कियों व ग्रामीणों को रौंद दिया। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से भाग निकला। ग्रामीणों ने कार का पीछा किया और घेरकर उसे रोकने का प्रयास किया तो कार चालक ने फिर लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद चालक कार को लेकर फिर भागने लगा। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर कार रोक ली और उसमें सवार चार लोगों को पकड़ लिया। गुस्साए ग्रामीणों ने उनकी पिटाई की। इस हादसे में कई लोग घायल हो गए।

इधर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक ने आकांक्षा (15), अंजली (15), दीपिका (19) व हरीश उर्फ सोनू (25) को मृत घोषित कर दिया । हादसे में करीब 8 लोग घायल हुए हैं। घायलों में चंद्रवीर, उमाशंकर, धीरज, सोनू, मयंक, पूजा, मोहिनी, सुमन अन्य लोग शामिल हैं। कार में दिल्ली निवासी इरफान, गुफरान, देवेश और जगदीश सवार थे। उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल के साथ अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार को मदद और समुचित उपचार का भरोसा दिया है। जिलाधिकारी का कहना है हादसे में चार लोगों की मौत हुई और आठ लोग घायल है। मृतकों के परिजनों को आर्थिक मदद का प्रयास किया जायेगा। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का कहना है कि हादसे में दो वयस्कों और दो बच्चों सहित कुल चार लोगों की मृत्यु हो गई व आठ अन्य घायल हुए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *