अमेठी में दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से मां-बेटे की मौत, पिता की हालत नाजुक

अमेठी में दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से मां-बेटे की मौत, पिता की हालत नाजुक

अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई है। जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुट गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात इन्हौना थाना क्षेत्र अंतर्गत राजाफत्तेपुर को जाने वाली सड़क दो सड़का मोड़ पर बाइक से जा रहे पति-पत्नी और बच्चे को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर मारने के बाद वाहन मौके से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों एवं स्थानीय लोगों ने डायल 112 को फोन किया और 108 एंबुलेंस से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहपुर भिजवाया। जहां पर डॉक्टरों ने महिला मालती देवी (35) एवं बेटा बिराट (4) को मृत घोषित कर दिया जबकि उसका पति विकास गंभीर रूप से घायल है। गंभीर रूप से घायल विकास का प्राथमिक उपचार करने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहपुर से मेडिकल कॉलेज तिलोई रेफर कर दिया गया है जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। यह तीनों लोग रिश्तेदारी से वापस अपने घर जा रहे थे तभी यह दुर्घटना हुई।

घटना के संबंध में इन्हौना थाने के प्रभारी विवेक कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि देर रात की घटना है जिसमें महिला मालती देवी एवं उसके पुत्र की मौत हो गई है जबकि उसका पति विकास गंभीर रूप से घायल है। उसका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी होने के तत्काल बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। मृतक मां बेटे की लाश को पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक पड़ोसी जनपद बाराबंकी के सुबेहा थाना क्षेत्र अंतर्गत सराय गोपी के रहने वाले थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *