शाहजहांपुर में पुलिस मुठभेड़ के बाद चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद, एक आरोपी घायल और दूसरा गिरफ्तार

शाहजहांपुर में पुलिस मुठभेड़ के बाद चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद, एक आरोपी घायल और दूसरा गिरफ्तार

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में इंटरलॉकिंग प्लांट से चोरी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बरामद कर ली। पुलिस के अनुसार, जवाबी फायरिंग में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया।

क्षेत्राधिकारी सदर शुभम वर्मा ने बताया, निगोही थाना क्षेत्र के धुल्लिया चेकपोस्ट पर बृहस्पतिवार तड़के संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के दौरान सूचना मिली कि दो व्यक्ति चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर बीसलपुर मार्ग से पीलीभीत की ओर जा रहे हैं। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे कच्चे रास्ते से जंगल की ओर भागने लगे। पीछा करने के दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पीलीभीत जिले के बीसलपुर थाना क्षेत्र के भड़ारी गांव निवासी बिन्दु (30) के दाहिने पैर में गोली लगी। वहीं, प्रतापगढ़ जिले के जेठवारा थाना क्षेत्र के काच्छा सुकुलपुर निवासी रोहित सरोज (28) को धुल्लिया चेकपोस्ट के पास नदी किनारे से गिरफ्तार कर लिया गया।

घायल आरोपी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निगोही ले जाया गया, जहां से उसे जिला चिकित्सालय शाहजहांपुर रेफर कर दिया गया।

उन्होंने बताया की, निगोही क्षेत्र के ग्राम कुदिरना निवासी अभिषेक सिंह कुशवाहा ने बीते तीन अक्टूबर को अपने इंटरलॉकिंग ईंट प्लांट से ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत अन्य सामान चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली दो अक्टूबर की रात ग्राम गुरगांव स्थित अभिषेक सिंह कुशवाहा के इंटरलॉकिंग ईंट प्लांट से चोरी की बात कबूल की है।

पुलिस ने चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *