बांदा में 345 दुर्गा प्रतिमाओं का होगा विसर्जन, 1500 पुलिसकर्मी तैनात; हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा

बांदा में 345 दुर्गा प्रतिमाओं का होगा विसर्जन, 1500 पुलिसकर्मी तैनात; हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा

बांदा। बुंदेलखंड की धार्मिक आस्था और परंपरा का प्रतीक नवदुर्गा महोत्सव मंगलवार को मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ विदाई लेगा। नौ दिनों तक पूजा-अर्चना और भक्ति के उल्लास में डूबे शहर में अब विसर्जन शोभायात्राओं की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जनपद मुख्यालय और आसपास के ग्रामीण इलाकों में स्थापित करीब 345 दुर्गा प्रतिमाएं गाजे-बाजे के साथ घाट पहुंचेंगी, जहां विधि-विधान से उनका विसर्जन किया जाएगा।शोभायात्राओं के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी होगी। श्रद्धालुओं के भारी जमावड़े की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर यातायात नियंत्रण तक व्यापक इंतजाम किए हैं।

मंगलवार सुबह करीब 10 बजे से शहर में दुर्गा प्रतिमाओं की विसर्जन शोभायात्राएं निकलनी शुरू हो गयी हैं। केंद्रीय दुर्गा पूजा महोत्सव समिति के मंच से टोकन प्राप्त करने के बाद प्रतिमाएं निर्धारित मार्गों से होते हुए भूरागढ़ स्थित केन नदी के घाट तक पहुंचेंगी। शहर के प्रमुख मार्गों पर दिनभर भक्तिमय माहौल रहने की संभावना है। ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे और जयकारों के बीच निकलने वाली शोभायात्राओं में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। जुलूसों को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने के लिए निर्धारित मार्गों और संचालन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

विसर्जन के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। करीब 1500 पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की तैनाती की गई है। विसर्जन मार्गों से लेकर घाट तक निगरानी व्यवस्था मजबूत की गई है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी, जबकि ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।

अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के मुताबिक, विसर्जन जुलूसों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

विसर्जन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अमित आसेरी और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने 17 अक्टूबर को केंद्रीय दुर्गा पूजा महोत्सव समिति के पदाधिकारियों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ विसर्जन मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया था। इस दौरान शोभायात्राओं के संचालन, यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए थे।

प्रतिमा विसर्जन के दौरान नदी में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए केन नदी स्थित विसर्जन स्थल पर नावों और गोताखोरों की व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में प्रतिमाओं के विसर्जन और श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए घाट पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। नदी के किनारे भीड़ को नियंत्रित करने और विसर्जन प्रक्रिया को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया गया है।

शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक

जिला प्रशासन के मुताबिक दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को देखते हुए मंगलवार को शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसका उद्देश्य शोभायात्राओं के दौरान जाम की स्थिति से बचना और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाए रखना है। वाहन चालकों को निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने तथा पुलिसकर्मियों के निर्देशों के अनुसार आवागमन करने की हिदायत दी गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *