यूपी में नवरात्रि के पहले दिन शक्तिपीठों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, विंध्यवासिनी धाम में 1 लाख से अधिक भक्तों ने किए दर्शन

यूपी में नवरात्रि के पहले दिन शक्तिपीठों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, विंध्यवासिनी धाम में 1 लाख से अधिक भक्तों ने किए दर्शन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शारदीय नवरात्रि के पहले दिन मां विंध्यवासिनी धाम से लेकर शाकुंभरी देवी मंदिर तक श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। तड़के सुबह से ही देवी मंदिरों में मां के जयकारों की गूंज के साथ माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो चुका है।

विंध्याचल स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां विंध्यवासिनी मंदिर में अब तक 1 लाख से अधिक श्रद्धालु शीश नवाकर दर्शन-पूजन कर चुके हैं। भोर की मंगला आरती के बाद से ही मंदिर परिसर और आसपास की गलियां भक्तों की लंबी कतारों से पट गईं।सहारनपुर के ऐतिहासिक शाकुंभरी देवी मंदिर में भी करीब 50 हजार भक्तों ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही, बलरामपुर के प्रसिद्ध मां पाटेश्वरी देवी मंदिर (देवीपाटन शक्तिपीठ) में लगभग 50 हजार श्रद्धालुओं ने मत्था टेका। सीतापुर के पवित्र नैमिषारण्य धाम स्थित मां ललिता देवी मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ सुगम दर्शन के लिए कतारों में खड़ी नजर आई। अयोध्या स्थित मां कामाख्या देवी मंदिर में भी भक्तों की भारी भीड़ है। कामाख्या देवी मंदिर के पुजारी बृज किशोर मिश्र ने बताया कि सुबह से अब तक 10 हजार से अधिक श्रद्धालु मां के दर्शन कर चुके हैं। मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए सभी प्रमुख शक्तिपीठों पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा और सुगम दर्शन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *