विराट कोहली को प्रेमानंद महाराज के दरबार में लाने के लिए ₹5 करोड़ देने का दावा, जांच की मांग; आरोपों पर संतों में मचा घमासान

विराट कोहली को प्रेमानंद महाराज के दरबार में लाने के लिए ₹5 करोड़ देने का दावा, जांच की मांग; आरोपों पर संतों में मचा घमासान

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी ने मंगलवार आरोप लगाया है कि भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली को संत प्रेमानंद महाराज के दरबार में लाने के लिए कथित तौर पर 05 करोड़ रुपये दिए गए थे, जिसके बाद संत प्रेमानंद की प्रसिद्धि देशभर में तेजी से बढ़ी।

दिनेश फलाहारी महाराज ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर संत प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा बढ़ाने (जेड प्लस सुरक्षा) और आश्रम से जुड़ी गतिविधियों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि आश्रम परिसर के आसपास साधु के वेश में कुछ भूमाफिया और संदिग्ध लोग सक्रिय हैं, जो यमुना डूब क्षेत्र की जमीनों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। इसके साथ ही पत्र में गायब बच्चों और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सीबीआई जांच की मांग भी की गई है।

फलाहारी महाराज ने संत प्रेमानंद से विवादों से दूर रहकर गोवर्धन में निवास करने की अपील की है। इन आरोपों और बयानबाजी के बाद ब्रज के कई प्रमुख संत और कथावाचक प्रेमानंद महाराज के समर्थन में उतर आए हैं। भागवताचार्य चित्रलेखा ने कहा कि बिना पूरी जानकारी के किसी महापुरुष पर टिप्पणी करना गलत है। अधूरा ज्ञान खतरनाक होता है और ऐसे में लोगों को मौन रहना चाहिए। वहीं महंत राजेंद्र दास महाराज (मलूक पीठ) का कहना है कि समाज संतों का योगदान देखे बिना उन पर कीचड़ उछालने में देर नहीं लगाता तथा भागवताचार्य अनिरुद्धाचार्य ने मीडिया और आलोचकों पर निशाना साधते हुए कहा कि बिना सच्चाई जाने संत प्रेमानंद महाराज को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल, इन गंभीर दावों के बाद ब्रज क्षेत्र में धार्मिक और प्रशासनिक हलकों के बीच चर्चाएं गर्म हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *