मीरापुर में रुपये के विवाद ने लिया खूनी रूप: संभलहेड़ा फ्लाईओवर पर गुलफाम को घेरकर जानलेवा हमला, सिर में गहरी चोट

मीरापुर में रुपये के विवाद ने लिया खूनी रूप: संभलहेड़ा फ्लाईओवर पर गुलफाम को घेरकर जानलेवा हमला, सिर में गहरी चोट

मीरापुर। क्षेत्र के मोहल्ला मुश्तर्क में रुपये के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पहले हुए विवाद के बाद जानसठ से मीरापुर लौट रहे एक युवक को संभलहेड़ा फ्लाईओवर के पास तीन से चार युवकों ने घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल को उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ भेजा है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर मोहल्ला मुश्तर्क निवासी दो पक्षों के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों के एक-एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों का चालान कर दिया था।

पुलिस की कार्रवाई के बाद मामला शांत होता नजर आया, लेकिन दोनों पक्षों के बीच रंजिश बनी रही। इसी विवाद को लेकर बाद में एक युवक पर हमला कर दिया गया।

जानसठ से लौटते समय घेरकर हमला

बताया गया कि पीड़ित गुलफाम पुत्र इलियास पुलिस द्वारा चालान किए गए व्यक्ति से मिलने जानसठ गया था। दोपहर में वह जानसठ से मीरापुर वापस लौट रहा था। आरोप है कि जैसे ही वह संभलहेड़ा फ्लाईओवर के पास पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे तीन से चार युवकों ने उसे रोक लिया।

आरोप है कि हमलावरों ने गुलफाम के साथ मारपीट शुरू कर दी और लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से गुलफाम संभल नहीं पाया। हमले में उसके सिर में गहरी चोट लग गई और वह खून से लथपथ हो गया। घटना के बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

लहूलुहान हालत में थाने पहुंचा पीड़ित

हमले के बाद घायल गुलफाम किसी तरह मीरापुर थाने पहुंचा और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उसने हमलावरों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। युवक के सिर से खून निकलता देख पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल उसका चिकित्सीय परीक्षण कराने के लिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ भेज दिया।

पुलिस के अनुसार घायल का मेडिकल कराया जा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर चोटों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी दोनों पक्षों का हुआ था चालान

थाना प्रभारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार दोपहर रुपये के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति का चालान किया था। इसके बाद दोबारा विवाद होने की सूचना मिली है।

थाना प्रभारी ने बताया कि घायल का मेडिकल कराया जा रहा है और पीड़ित की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच के साथ ही हमले में शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *