गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक MLC चुनाव की BJP ने तेज की तैयारी, ध्रुव त्रिपाठी 5 अक्टूबर को भरेंगे पर्चा; पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक MLC चुनाव की BJP ने तेज की तैयारी, ध्रुव त्रिपाठी 5 अक्टूबर को भरेंगे पर्चा; पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव-2026 के अंतर्गत गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी के चुनाव को लेकर शनिवार को भाजपा गोरखपुर क्षेत्रीय कार्यालय पर महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक कार्ययोजना, आगामी कार्यक्रमों और चुनाव संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही क्षेत्र के विभिन्न जिलों में चुनावी तैयारियों को गति देने के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

बैठक की अध्यक्षता भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने की। उन्होंने चुनाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए क्षेत्रीय पदाधिकारियों को विभिन्न जिलों एवं दायित्वों का आवंटन किया। उन्होंने कहा कि सौंपे गए दायित्वों के अनुरूप सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ संगठनात्मक कार्यों को पूरी गंभीरता और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएं। उन्होंने चुनावी तैयारियों में बूथ से लेकर संगठन के विभिन्न स्तरों तक समन्वय और सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया।

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षक समाज राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शिक्षकों से जुड़े हितों और विषयों को भारतीय जनता पार्टी सदैव प्राथमिकता देती रही है। ऐसे में शिक्षक समुदाय की अपेक्षाओं और समस्याओं को समझते हुए उनके साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव संगठन की कार्ययोजना, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आपसी समन्वय की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

विनोद राय ने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए चुनाव संबंधी संगठनात्मक गतिविधियों को गति दें। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी तालमेल के साथ निर्धारित कार्यक्रमों को सफल बनाने में जुटें और शिक्षक समुदाय के बीच संगठन की गतिविधियों तथा संवाद को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएं।

उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर, सोमवार को भाजपा प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी अपना नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन कार्यक्रम में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों के जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, क्षेत्रीय एवं जिला पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता रहेगी। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने सभी संबंधित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से नामांकन कार्यक्रम में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

बैठक में शिक्षक विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी, क्षेत्रीय महामंत्री डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, डॉ. बच्चा पाण्डेय, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, संजीव राय, राजेश गुप्ता, क्षेत्रीय मंत्री हरिकेश गुप्ता, ध्रुव श्रीवास्तव, बृजेश राम त्रिपाठी, सिद्धार्थ शंकर पाण्डेय, अनादि प्रिय पाठक सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी और चुनाव संबंधी दायित्व प्राप्त कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *