बागपत में ट्यूबवेल चोरी करते बदमाशों से मुठभेड़! 2 को लगी गोली, गिरफ्तार; एक अंधेरे में फरार

बागपत में ट्यूबवेल चोरी करते बदमाशों से मुठभेड़! 2 को लगी गोली, गिरफ्तार; एक अंधेरे में फरार

बागपत। बागपत कोतवाली क्षेत्र में देररात्रि गश्त के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें दो बदमाश घायल अवस्था में गिरफ्तार किये गए। इनके पास से चोरी का सामान बरामद हुआ है। मुठभेड़ के दौरान उनका एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सुकन्या शर्मा ने बुधवार को बताया कि रात करीब 3 बजे कोतवाली बागपत पुलिस टीम नया गांव हमीदाबाद के जंगल क्षेत्र में नहर किनारे गश्त कर रही थी। तभी एक ट्यूबवेल पर संदिग्ध गतिविधि और टॉर्च की रोशनी नजर आई।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी तो वहां तीन बदमाश ट्यूबवेल की दीवार में कुम्बल काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए और मौके पर ही दबोच लिए गए, जबकि तीसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घायल बदमाशों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी बागपत भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान संजय और सलीम के रूप में हुई है। ये दोनों कस्बा रटोल के निवासी हैं।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उनका तीसरा साथी बड़ौत क्षेत्र का रहने वाला है। तीनों मिलकर लंबे समय से ट्यूबवेल चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे और पहले भी कई वारदातों में शामिल रह चुके हैं।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 02 अवैध तमंचे .315 बोर, 02 जिंदा व 02 खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, ट्यूबवेल से चोरी किया गया केबिल, स्टार्टर, कटआउट, बिजली के तार, ऑपरेटर समेत वारदात में इस्तेमाल होने वाले औजार—प्लास, पेचकस व हथौड़ा आदि बरामद किए हैं। पुलिस दोनों अभियुक्त के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *