जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में गुरुवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। तड़के करीब चार बजे से जिले के कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। हल्की हवाओं के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार, तीन घंटे में जौनपुर में 4.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सुबह छह बजे जिले का तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सामान्य दिनों में इस समय तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस रहता है। बारिश से धान और गन्ने की फसल को फायदा होने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे के दौरान मध्यम बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। साथ ही 26 सितंबर तक जिले में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम तथा कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है।
ग्रामीण कृषि मौसम सेवा और भू-भौतिकी विभाग, बीएचयू वाराणसी के नोडल अधिकारी प्रो. रवि शंकर सिंह और मौसम वैज्ञानिक शिव मंगल सिंह के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास सक्रिय मानसून ट्रफ के प्रभाव से पूर्वांचल में अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना है। बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं ओडिशा, झारखंड और बिहार होते हुए पूर्वांचल की ओर पहुंच रही हैं।

