मुजफ्फरनगर। जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने तबादला आदेश जारी करते हुए कुल 31 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस फेरबदल में महिला थाना, विभिन्न थाने, अपराध शाखा, पुलिस लाइन और कई पुलिस चौकियों के प्रभारी बदले गए हैं।

तबादला सूची में महिला थाने से लेकर ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की महत्वपूर्ण चौकियों तक बदलाव किया गया है। कई उपनिरीक्षकों को नई जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कुछ अधिकारियों को थानों से हटाकर चौकी, अपराध शाखा और डायल 112 में भेजा गया है।

महिला थाने में भी बदलाव
तबादला आदेश के अनुसार महिला सहायता प्रकोष्ठ परामर्श केंद्र में तैनात निरीक्षक प्रीति चाहल को महिला थाने का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। महिला थाने में तैनात निरीक्षक संगीता डागर का गैर जनपद स्थानांतरण होने के कारण उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया है। वहीं महिला थाने की अतिरिक्त निरीक्षक लतेश वर्मा को महिला सहायता प्रकोष्ठ परामर्श केंद्र भेजा गया है।
अपराध शाखा में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। अपराध शाखा महिला थाना में अतिरिक्त निरीक्षक के पद पर तैनात सुनील मिश्रा को अपराध शाखा सिविल लाइन भेजा गया है। अपराध शाखा सिविल लाइन में तैनात अतिरिक्त निरीक्षक कृष्णपाल सिंह को अपराध शाखा मीरापुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस लाइन से कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
पुलिस लाइन में तैनात उपनिरीक्षक मुकुल कुशवाह को थाना सिखेड़ा और उपनिरीक्षक सीताराम को थाना खतौली भेजा गया है। उपनिरीक्षक अवधेश गौतम को पुलिस लाइन से हटाकर बीआईटी चौकी थाना मीरापुर का प्रभारी बनाया गया है।
मीरापुर की दलपत चौकी के प्रभारी दीपक शर्मा को थाना सिखेड़ा भेजा गया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की कच्ची सड़क चौकी के प्रभारी सतेन्द्र सिंह को प्रभारी मीडिया सेल बनाया गया है। खालापार थाना क्षेत्र की वहलना चौकी के प्रभारी विकास सिंघल को एसएसआई थाना खालापार की जिम्मेदारी दी गई है।
सिखेड़ा थाना क्षेत्र की भंडूर चौकी के प्रभारी फरीद अहमद को थाना शाहपुर भेजा गया है, जबकि सिखेड़ा नहर पुल चौकी प्रभारी अरुण कुमार को थाना तितावी स्थानांतरित किया गया है। जसोई चौकी थाना तितावी में तैनात राम अवतार सिंह को थाना तितावी में नई तैनाती दी गई है।
चौकी प्रभारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव
शाहपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक नरेश सिंह को नगला रियावली चौकी थाना रतनपुरी का प्रभारी बनाया गया है। रतनपुरी थाने में तैनात के. प्रसाद को मीरापुर की दलपत चौकी का प्रभारी बनाया गया है।
सिविल लाइन थाने में तैनात हिमांशु शर्मा को रोहाना चौकी थाना कोतवाली नगर का प्रभारी बनाया गया है। रोहाना चौकी प्रभारी मोहित कुमार को कच्ची सड़क चौकी थाना सिविल लाइन भेजा गया है। एसएसआई थाना खालापार संजय सिंह को वहलना चौकी का प्रभारी बनाया गया है।
रतनपुरी थाने में तैनात राहुल वर्मा को भंडूर चौकी थाना सिखेड़ा भेजा गया है। पुलिस लाइन में तैनात पंकज सागर को सिखेड़ा नहर पुल चौकी की जिम्मेदारी दी गई है।
पुरकाजी थाने में तैनात विनोद कुमार को जसोई चौकी थाना तितावी का प्रभारी बनाया गया है। चरथावल थाना क्षेत्र की कुटेसरा चौकी के प्रभारी गोविन्द चौधरी को रामलीला टिल्ला चौकी थाना कोतवाली नगर भेजा गया है। वहीं रामलीला टिल्ला चौकी प्रभारी विक्रान्त कुमार को कुटेसरा चौकी थाना चरथावल का प्रभारी बनाया गया है।
बीआईटी चौकी थाना मीरापुर के प्रभारी भूपेन्द्र सिंह को थाना मीरापुर में नई तैनाती दी गई है। सिखेड़ा थाने में तैनात गम्भीर सिंह को डायल 112 भेजा गया है।
कई थानों में भी बदले गए उपनिरीक्षक
भोपा थाने में तैनात सुनील कुमार को थाना ककरौली भेजा गया है। फुगाना थाने में तैनात मोहित कुमार को भी थाना ककरौली स्थानांतरित किया गया है। उपनिरीक्षक रेनू को थाना तितावी से थाना चरथावल और महिला उपनिरीक्षक कुमारी डॉली को थाना चरथावल से थाना तितावी भेजा गया है।
ककरौली थाने में तैनात उपनिरीक्षक संजय शर्मा को थाना सिविल लाइन में नई तैनाती दी गई है।
पुलिस विभाग में किए गए इस फेरबदल के बाद जिले के कई थानों और पुलिस चौकियों की जिम्मेदारी नए अधिकारियों के हाथों में होगी। माना जा रहा है कि तबादलों के बाद संबंधित क्षेत्रों में पुलिसिंग और कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की कार्यप्रणाली में बदलाव देखने को मिलेगा।

