बारिश में भरभराकर गिरा गरीब मजदूर का कच्चा मकान, परिवार ने समय रहते भागकर बचाई जान; सामान मलबे में दबा

बारिश में भरभराकर गिरा गरीब मजदूर का कच्चा मकान, परिवार ने समय रहते भागकर बचाई जान; सामान मलबे में दबा

मोरना (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश अब गरीब परिवारों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। मोरना क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी देहात स्थित गांव हाजीपुर में गुरुवार को बारिश के कारण एक गरीब मजदूर का कच्चा मकान अचानक भरभराकर धराशाई हो गया। गनीमत रही कि मकान गिरने से कुछ क्षण पहले ही परिवार के लोगों को खतरे का आभास हो गया और वे आनन-फानन में घर से बाहर निकल आए। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि मकान गिरने के बाद गरीब परिवार की पूरी गृहस्थी मलबे के नीचे दब गई।

मकान गिरने की आहट मिलते ही बाहर निकला परिवार

गांव हाजीपुर निवासी अजय कश्यप मजदूरी कर पत्नी और बच्चों का पालन-पोषण करता है। गुरुवार दोपहर अजय अपनी पत्नी माया देवी, पुत्र राजन और पुत्री राखी के साथ कच्चे मकान में मौजूद था। लगातार बारिश के चलते मकान की दीवारें और छत कमजोर हो गई थीं। इसी दौरान परिजनों को मकान के ढहने की आहट महसूस हुई। खतरे को भांपते हुए अजय ने बिना देर किए पत्नी और बच्चों को लेकर मकान से बाहर निकलने में ही भलाई समझी। परिवार के बाहर निकलते ही कुछ ही देर में पूरा मकान भरभराकर जमींदोज हो गया।

मलबे में दब गया राशन और गृहस्थी का सामान

मकान गिरने से अजय कश्यप के घर का राशन, कपड़े, बर्तन और अन्य जरूरी सामान मलबे में दब गया। काफी सामान दबने के कारण परिवार को भारी नुकसान हुआ है। मकान ढह जाने के बाद परिवार के सामने रहने के साथ-साथ भोजन और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान दिलाए जाने की गुहार लगाई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत की मांग की

मकान गिरने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित मजदूर को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराने और उसके परिवार को सुरक्षित आवास मुहैया कराने की मांग की। संजीव कश्यप, सभासद राजकुमार, बाल मुकन्द, सोनू, जम्मन, मांगा, राजपाल, प्रीतम, जनेश्वर, सतपाल और नेमपाल आदि ग्रामीणों ने कहा कि लगातार बारिश के बीच गरीब परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। ऐसे में प्रशासन को जल्द से जल्द पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आना चाहिए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *