मंसूरपुर में दो अलग-अलग आत्महत्या की घटनाओं से हड़कंप, होमगार्ड जवान और 12वीं के छात्र की मौत

मंसूरपुर में दो अलग-अलग आत्महत्या की घटनाओं से हड़कंप, होमगार्ड जवान और 12वीं के छात्र की मौत

मुजफ्फरनगर। थाना मंसूरपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह आत्महत्या की दो अलग-अलग घटनाओं से सनसनी फैल गई। गांव नरा में 58 वर्षीय होमगार्ड जवान ने अपने दामाद के घर कथित तौर पर फंदा लगाकर जान दे दी, जबकि गांव जड़ौदा में 12वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र ने घेर में बने कमरे में तमंचे से खुद को गोली मार ली। दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

दामाद के घर होमगार्ड ने लगाया फंदा

पहली घटना शुक्रवार तड़के गांव नरा में हुई। थाना तीतावी क्षेत्र के गांव सालाखेड़ी निवासी 58 वर्षीय चंद्रसेन पुत्र मुख्तार सिंह होमगार्ड विभाग में तैनात थे और वर्तमान में थाना कोतवाली नगर मुजफ्फरनगर में ड्यूटी कर रहे थे।

बताया गया कि चंद्रसेन कुछ समय से बीमार चल रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे उन्होंने गांव नरा में अपने दामाद तीर्थराम के घर कथित तौर पर दीवार पर लगी खूंटी से फंदा लगा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी विपिन त्यागी के अनुसार फिलहाल मामले में किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

जड़ौदा में 12वीं के छात्र ने तमंचे से खुद को मारी गोली

दूसरी घटना गांव जड़ौदा में हुई। यहां होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले 17 वर्षीय दिव्यांश कुमार पुत्र पुष्पेंद्र कुमार ने अपने घेर में बने कमरे में कथित तौर पर तमंचे से खुद को गोली मार ली।

सुबह गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो दिव्यांश लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और घटनास्थल से तमंचा बरामद कर लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया।

दादा-दादी के पास रहकर पढ़ाई करता था दिव्यांश

बताया गया कि दिव्यांश के माता-पिता और बहन दिल्ली में रहते हैं, जबकि वह गांव में अपने दादा-दादी वीरपाल के पास रहकर पढ़ाई कर रहा था। किशोर की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन आत्महत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

दोनों मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

एक ही सुबह मंसूरपुर थाना क्षेत्र में सामने आई आत्महत्या की दोनों घटनाओं से पुलिस भी सक्रिय हो गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल दोनों घटनाओं के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस परिजनों से जानकारी जुटाने के साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *