मुजफ्फरनगर में तेरहवीं से लौट रहे मेहमानों की ई-रिक्शा पलटी, दो महिलाएं गंभीर घायल

मुजफ्फरनगर में तेरहवीं से लौट रहे मेहमानों की ई-रिक्शा पलटी, दो महिलाएं गंभीर घायल

मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर में गुरुवार को रस्म तेरहवीं से लौट रहे मेहमानों से भरी ई-रिक्शा गांव के बाईपास के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ई-रिक्शा सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में दोनों महिलाओं को उपचार के लिए बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

मां की तेरहवीं के बाद घर लौट रहे थे मेहमान

गांव मुबारिकपुर निवासी मोनू पुत्र धूमसिंह की मां का कुछ दिन पूर्व बीमारी के चलते निधन हो गया था। गुरुवार को उनकी रस्म तेरहवीं का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। रस्म पूरी होने के बाद दोपहर के समय दूर-दराज से आए रिश्तेदार और मेहमान अपने-अपने घरों के लिए रवाना होने लगे।

इसी दौरान मुजफ्फरनगर निवासी प्रेम पत्नी मामचंद, बहादुरपुर निवासी सूरजमुखी पत्नी बाबूराम समेत अन्य लोग एक ई-रिक्शा में सवार होकर गांव के बाईपास की ओर जा रहे थे। बताया गया कि जैसे ही ई-रिक्शा बाईपास के पास पहुंची, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

हादसे में हाथ और पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त

ई-रिक्शा पलटने से उसमें सवार प्रेम और सूरजमुखी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना में एक महिला का हाथ, जबकि दूसरी महिला का पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है। हादसे के बाद दोनों महिलाएं दर्द से कराहने लगीं और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल घायलों को ई-रिक्शा से बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को उपचार के लिए बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

शराब के नशे में ई-रिक्शा चलाने का आरोप

हादसे के बाद ग्रामीणों ने ई-रिक्शा चालक पर गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि चालक शराब के नशे में था और इसी वजह से ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हालांकि, चालक के शराब के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और ई-रिक्शा चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *