मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के गांव नंगला राई में पॉक्सो कोर्ट में विचाराधीन मुकदमे में गवाही बदलने के लिए एक महिला को कथित तौर पर लगातार धमकाने का मामला सामने आया है। महिला ने गांव के ही एक व्यक्ति पर अदालत में आरोपी के पक्ष में बयान देने का दबाव बनाने और इनकार करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला का यह भी आरोप है कि कुछ अज्ञात लोगों से फोन करवाकर उससे पैसों की मांग की जा रही है। शिकायत के आधार पर चरथावल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पॉक्सो कोर्ट प्रथम में विचाराधीन है मुकदमा
गांव नंगला राई निवासी महिला ने चरथावल थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका एक मुकदमा मुजफ्फरनगर की पॉक्सो कोर्ट प्रथम में विचाराधीन है। महिला के अनुसार यह मुकदमा अपराध संख्या 230/2021 और केस संख्या 721/2022 से संबंधित है और न्यायालय में सरकार बनाम संजय के नाम से इसकी सुनवाई चल रही है।

महिला ने बताया कि वर्तमान में मुकदमे में गवाही की प्रक्रिया चल रही है। वह न्यायालय के समक्ष अपनी गवाही दर्ज कराना चाहती है, लेकिन आरोप है कि उस पर लगातार आरोपी के पक्ष में बयान देने का दबाव बनाया जा रहा है।
गवाही बदलने से इनकार किया तो धमकाने का आरोप
महिला ने अपनी शिकायत में गांव के ही संजय धीमान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि मुकदमे की शुरुआत से ही संजय धीमान उस पर दबाव बना रहा है कि वह अदालत में मुख्य आरोपी संजय के पक्ष में गवाही दे।
महिला के मुताबिक उसने जब ऐसा करने से इनकार कर दिया तो उसे कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं। महिला ने पुलिस को बताया कि धमकियों के चलते वह करीब आठ महीने से अपने घर से अलग किसी दूसरी जगह पर रहने को मजबूर है। इसके बावजूद उसने न्यायालय में पहुंचकर अपने बयान दर्ज कराए।
बयान दर्ज कराने के बाद भी धमकियों का सिलसिला जारी
महिला का आरोप है कि अदालत में बयान दर्ज कराने के बाद भी उसे धमकियां मिलना बंद नहीं हुआ। शिकायत के अनुसार, संजय धीमान कथित तौर पर कुछ अज्ञात लोगों से फोन करवाकर महिला से पैसों की मांग करा रहा है। आरोप है कि फोन करने वाले लोग पैसे देने के लिए दबाव बनाते हैं और मांग पूरी नहीं होने पर जान से मारने की धमकी देते हैं।
महिला ने संजय धीमान के भाई सचिन धीमान पर भी फोन कर गाली-गलौज करने और अपमानजनक बातें कहने का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार, सचिन धीमान के मोबाइल नंबर से उसके पास फोन आया था।
फोन कॉल की रिकॉर्डिंग होने का दावा
महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पास कथित धमकी भरे फोन कॉल्स की रिकॉर्डिंग सुरक्षित है। उसने पुलिस के समक्ष इन रिकॉर्डिंग को साक्ष्य के रूप में उपलब्ध कराने की बात कही है। महिला ने अपनी शिकायत में मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
लगातार मिल रही कथित धमकियों से परेशान महिला ने चरथावल थाना पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच के दौरान कथित फोन कॉल्स, रिकॉर्डिंग और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को भी देखा जाएगा। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

