मुजफ्फरनगर। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सवेरा—नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर’ के तहत बुढ़ाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 218 ग्राम अवैध स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है।

पुलिस लाइन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बुढ़ाना थाना पुलिस को 14 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मादक पदार्थ तस्कर बसी तिराहे के पास नशीले पदार्थों की बिक्री करने की फिराक में खड़ा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बसी तिराहे से कस्बा बुढ़ाना की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित समाधि के पास घेराबंदी कर दी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे दबिश देकर मौके पर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 218 ग्राम स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अहसान राणा पुत्र परवीन बताया। वह थाना रतनपुरी क्षेत्र के ग्राम नंगला का रहने वाला है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना बुढ़ाना में मुकदमा अपराध संख्या 404/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है।
शाहजहांपुर और बरेली से खरीदकर लाता था स्मैक
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह स्मैक की खेप शाहजहांपुर और बरेली से खरीदकर लाता था। इसके बाद मुजफ्फरनगर, शामली और आसपास के अन्य जिलों में घूम घूमकर नशीले पदार्थ की बिक्री करता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी इस बार भी शाहजहांपुर और बरेली से स्मैक लेकर बसी तिराहे के पास पहुंचा था और उसे बेचने की तैयारी में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के पास से इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद होने के बाद पुलिस को आशंका है कि वह स्मैक को छोटी छोटी मात्रा में तौलकर ग्राहकों को बेचता था। पुलिस अब पूछताछ के आधार पर उसके संपर्कों और नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस जांच में अहसान राणा का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार वर्तमान मुकदमे के अलावा उसके खिलाफ हरियाणा और शामली में भी मुकदमे दर्ज हैं।
वर्ष 2016 में हरियाणा के करनाल जनपद के थाना इन्द्री में उसके खिलाफ धारा 307, 379, 394, 397, 59 भादवि और 25/54 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। वर्ष 2021 में शामली के थाना कैराना में धारा 120बी, 395 और 412 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके अलावा वर्ष 2022 में गुरुग्राम के थाना बादशाहपुर में धारा 34, 307 भादवि और 25/27 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल में जुटी पुलिस
बुढ़ाना पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर नशे की सप्लाई के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह जानकारी जुटा रही है कि आरोपी शाहजहांपुर और बरेली में किन लोगों से स्मैक खरीदता था और मुजफ्फरनगर, शामली तथा आसपास के जिलों में किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान यदि नशे की तस्करी में शामिल अन्य लोगों के नाम सामने आते हैं तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी के संपर्कों, खरीद के स्रोत और स्थानीय स्तर पर उसकी सप्लाई से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुभाष अत्री, उपनिरीक्षक संदीप कुमार, छविकान्त, तेजवीर, मुख्य आरक्षी अमरदीप सिरोही, संजय, सुनील, नकुल सांगवान, निर्वेश, महेन्द्र और आरक्षी धर्मेन्द्र शामिल रहे।

