मुजफ्फरनगर। जानसठ थाना क्षेत्र के ग्राम बसायच में विवाहिता ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। विवाहिता का आरोप है कि ससुराल वाले लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न करते रहे। हद तो तब हो गई जब एक दिन मारपीट के दौरान उस पर खौलता हुआ गर्म तेल डालकर जान लेने की कोशिश की गई। पीड़िता ने देवर पर दुष्कर्म के प्रयास का भी आरोप लगाया है। विवाहिता की तहरीर पर जानसठ पुलिस ने पति समेत नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक प्रीति का विवाह 26 अप्रैल 2024 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार कन्हैया के साथ हुआ था। कन्हैया रमेश उर्फ कल्लू का पुत्र है और मुजफ्फरनगर के रामलीला टिल्ला, गली नंबर तीन, भूरे देव वाली गली का रहने वाला बताया गया है। विवाहिता का कहना है कि शादी में उसके मायके वालों ने करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे। इसमें नगदी, जेवरात और घरेलू सामान समेत काफी सामान दहेज में दिया गया था।

प्रीति का आरोप है कि शादी के शुरुआती दिनों में ससुराल पक्ष का व्यवहार सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद उसके साथ कथित रूप से मारपीट और गाली-गलौज शुरू हो गई। पति कन्हैया, सास मिथलेश, जेठानी बीना, जेठ सोनू, नन्दोई सुनील उर्फ पप्पू, विशाल और देवर आशु उर्फ छोटू पर उसने प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। विवाहिता के मुताबिक उसे अपशगुनी और कलमुंही कहकर ताने दिए जाते थे तथा मायके से अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाया जाता था।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि ससुराल पक्ष के लोग बाइक और जमीन बेचकर पांच लाख रुपये नगद लाने की मांग करते थे। लगातार बढ़ते कथित उत्पीड़न से परेशान होकर प्रीति ने मायके वालों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वर्ष 2024 में दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई। विवाहिता का कहना है कि पंचायत में ससुराल पक्ष ने भविष्य में मारपीट और उत्पीड़न नहीं करने का आश्वासन दिया था तथा कुछ कागजात पर हस्ताक्षर भी किए थे। पीड़िता के मुताबिक ये कागजात उसके मायके में सुरक्षित हैं।
विवाहिता ने यह भी आरोप लगाया कि करीब 25 महीने पहले उसके पति कन्हैया ने दूध की डेयरी शुरू करने के नाम पर उसके पिता से रुपये मांगे थे। इसके बाद उसके पिता ने करीब डेढ़ बीघा जमीन बेचकर डेढ़ लाख रुपये कन्हैया को दिए थे। आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल वालों की अतिरिक्त दहेज की मांग और कथित उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।
खौलता तेल डालने का आरोप
विवाहिता ने अपनी तहरीर में 3 जनवरी 2026 की रात की घटना को सबसे गंभीर बताया है। उसके अनुसार रात करीब साढ़े नौ बजे पति कन्हैया, सास मिथलेश, जेठानी बीना, सोनू, सुनील और विशाल ने उसके साथ मारपीट की और दहेज की मांग को लेकर विवाद किया। आरोप है कि इसी दौरान जेठानी बीना ने उस पर खौलता हुआ गर्म तेल डाल दिया। विवाहिता का कहना है कि उसने बचने के लिए शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसकी मदद की।
प्रीति ने अपने देवर आशु उर्फ छोटू पर भी गंभीर आरोप लगाया है। उसका कहना है कि घटना के बाद वह बुरी तरह सहमी और रो रही थी। इसी दौरान आशु कथित रूप से शराब के नशे में कमरे में आया और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। विवाहिता के मुताबिक उसने किसी तरह खुद को बचाया और कमरे से बाहर भाग निकली। इसके बाद भी उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती रही।
मायके वालों से भी कथित अभद्रता
पीड़िता का कहना है कि घटना के अगले दिन उसने फोन कर मायके वालों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद उसकी मां सीमा, योगेश, चांदवीर समेत अन्य परिजन ससुराल पहुंचे और मामले को शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि वहां ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके से पहुंचे परिजनों के साथ भी गाली-गलौज की।
विवाहिता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि उसकी छोटी बच्ची है और लगातार चल रहे कथित उत्पीड़न के कारण उसका वैवाहिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उसने अपने जेवरात और अन्य स्त्रीधन भी ससुराल पक्ष के कब्जे में होने तथा वापस नहीं करने का आरोप लगाया है।
प्रीति के मुताबिक उसने 20 जनवरी 2026 को महिला थाना मुजफ्फरनगर में भी प्रार्थना पत्र दिया था। आरोप है कि वहां शिकायत के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उसने यह भी आरोप लगाया कि मध्यस्थता की प्रक्रिया के दौरान उसका पति शराब के नशे में थाने पहुंचा और वहां भी उसके साथ कथित रूप से अभद्रता की। महिला थाना स्तर पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए विवाहिता ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाई।
अब विवाहिता की तहरीर के आधार पर जानसठ थाने में पति कन्हैया समेत नामजद ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। विवाहिता द्वारा लगाए गए दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गर्म तेल डालकर जान लेने के प्रयास और दुष्कर्म के प्रयास जैसे आरोपों की जांच के साथ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस संबंधित लोगों के बयान दर्ज करने और उपलब्ध दस्तावेज व अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

