बरेली में 11 हजार वोल्ट की लाइन का कहर! करंट लगते ही तीन मंजिल से नीचे गिरा मजदूर, अस्पताल में मौत; मासूम बेटी ने खोया पिता

बरेली में 11 हजार वोल्ट की लाइन का कहर! करंट लगते ही तीन मंजिल से नीचे गिरा मजदूर, अस्पताल में मौत; मासूम बेटी ने खोया पिता

बरेली । उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली के बहेड़ी नगर के मोहल्ला मोहम्मदपुर में शनिवार सुबह निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे एक मजदूर की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। 11 हजार वोल्ट की लाइन से करंट लगने के बाद मजदूर बुरी तरह झुलस गया और करीब तीन मंजिल की ऊंचाई से नीचे जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे परिजन आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

मोहल्ला मोहम्मदपुर निवासी मोहम्मद हसन (35) पुत्र अकबर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। शनिवार सुबह करीब दस बजे वह पावर हाउस के सामने स्थित एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे थे। इसी दौरान मकान के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। करंट का झटका लगने के बाद उनका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब तीन मंजिल की ऊंचाई से नीचे जा गिरे।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन और स्थानीय लोग घायल मजदूर को तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मोहम्मद हसन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मासूम बेटी के सिर से उठा पिता का साया

मोहम्मद हसन की करीब दो साल की मासूम बेटी है। वह मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। अचानक हुए हादसे में उनकी मौत से मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया। परिजनों के मुताबिक, परिवार की आर्थिक स्थिति भी अच्छी नहीं है। घटना के बाद मोहल्ले में भी शोक का माहौल है।

हाईटेंशन लाइन के पास निर्माण पर उठे सवाल

हादसे के बाद निर्माणाधीन मकान के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि 11 हजार वोल्ट की लाइन के बेहद करीब निर्माण कार्य चल रहा था। लोगों ने बिजली विभाग और संबंधित अधिकारियों से हाईटेंशन लाइनों के आसपास चल रहे निर्माण कार्यों की जांच कराने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *