वाराणसी में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचेंगे CM योगी! हवाई सर्वेक्षण के बाद राहत शिविर में पीड़ितों से करेंगे मुलाकात

वाराणसी में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचेंगे CM योगी! हवाई सर्वेक्षण के बाद राहत शिविर में पीड़ितों से करेंगे मुलाकात

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम वाराणसी पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर जमीनी हालात का जायजा लेंगे। इसके बाद वे सलारपुर स्थित विद्या विहार इंटर कॉलेज में बनाए गए बाढ़ राहत शिविर में पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात करेंगे और उनके बीच राहत सामग्री वितरित करेंगे।

प्रोटोकॉल के अनुसार मुख्यमंत्री पहले आजमगढ़ जिले के बरदह स्थित जिबली गांव जाएंगे। यहां वे गोरखपुर के भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय की दिवंगत मां को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री वाराणसी पहुंचेंगे और पुलिस लाइन से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री शाम करीब 4.10 से 4.50 बजे के बीच हवाई सर्वेक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लेंगे। इसके बाद सलारपुर स्थित विद्या विहार इंटर कॉलेज के राहत शिविर में पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात और राहत सामग्री का वितरण करेंगे। मुख्यमंत्री के वाराणसी दौरे के दौरान बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों की समीक्षा किए जाने की भी संभावना है। वे पुलिस लाइन स्थित सेफ हाउस में जनप्रतिनिधियों तथा पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे सकते हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री बाबा कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। कार्यक्रम के अंत में वे बाबतपुर एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने शनिवार सुबह से ही सुरक्षा व्यवस्था और राहत शिविरों की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया। सलारपुर के राहत शिविर में फिलहाल 160 से अधिक बाढ़ पीड़ित शरण लिए हुए हैं। इनमें 65 पुरुष, 60 महिलाएं, 34 बच्चे और छह बुजुर्ग शामिल हैं।

गंगा का जलस्तर घटा, लेकिन मुश्किलें बरकरार वाराणसी में गंगा का जलस्तर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। गंगा के साथ उसकी सहायक नदियों वरुणा, गोमती और नाद के जलस्तर में भी कमी दर्ज की जा रही है। इससे बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ ही संभावित रूप से प्रभावित होने वाले इलाकों के लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जलभराव और आवागमन समेत कई समस्याएं अभी भी बनी हुई हैं।

केंद्रीय जल आयोग के राजघाट गेज साइट के अनुसार शनिवार सुबह छह बजे गंगा का जलस्तर 70.37 मीटर दर्ज किया गया। रिमझिम बारिश के बीच जलस्तर में करीब तीन सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से कमी दर्ज की जा रही थी। शुक्रवार रात आठ बजे गंगा का जलस्तर 70.56 मीटर था। तीन सितंबर से गंगा के जलस्तर में लगातार घटाव का रुख बना हुआ है। पिछले 12 घंटों में जलस्तर करीब 10 सेंटीमीटर कम हुआ है।

बाढ़ आपदा प्रबंधन की बुलेटिन के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह में 16 मोहल्लों और 24 गांवों के कुल 836 परिवारों के 3,876 लोग विस्थापित होकर राहत शिविरों अथवा सुरक्षित स्थानों पर शरण ले चुके हैं। शुक्रवार तक 567 परिवारों के 2,486 लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया था। बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए जिले में 20 सक्रिय राहत शिविर संचालित किए जा रहे हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए 42 नावें लगाई गई हैं। इसके अलावा एनडीआरएफ की एक अतिरिक्त टीम भी तटवर्ती बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *