मुजफ्फरनगर। सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र के गांव कुंडा कला में मुजफ्फरनगर निवासी एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मृतका के पिता इंतजार के मुताबिक, करीब 16 महीने पहले उनकी बेटी मुस्कान का निकाह कुंडा कला निवासी शाहनूर पुत्र तौफीक के साथ हुआ था। उनका कहना है कि शादी में सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया गया था, जिसमें स्प्लेंडर बाइक और अन्य घरेलू सामान शामिल था। आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करता रहा और मांग पूरी नहीं होने पर मुस्कान को प्रताड़ित किया जाता था।

परिजनों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर करीब आठ दिन पहले समाज के कुछ जिम्मेदार लोगों की मौजूदगी में मुस्कान को ससुराल से मायके लाया गया था। आरोप है कि बाद में उसे दोबारा ससुराल भेज दिया गया।
पिता ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप
मृतका के पिता इंतजार ने आरोप लगाया कि बुलेट की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने उनकी बेटी को जहर देकर मार डाला। उनका यह भी आरोप है कि बेटी की मौत की जानकारी उन्हें ससुराल पक्ष की ओर से नहीं दी गई। आसपास के लोगों से जानकारी मिलने के बाद परिवार कुंडा कला पहुंचा, जहां मुस्कान मृत अवस्था में मिली।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद परिजन शव को मुजफ्फरनगर ले आए, जहां अंतिम संस्कार किए जाने की बात कही गई है।
भाकियू अंबावता जिलाध्यक्ष ने कार्रवाई में देरी का लगाया आरोप
मामले में भारतीय किसान यूनियन अंबावता के जिलाध्यक्ष चौधरी जीशान सिद्दीकी भी पीड़ित परिवार के समर्थन में पहुंचे। उन्होंने गंगोह पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के कई घंटे बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से तत्काल मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
फिलहाल विवाहिता की मौत को लेकर लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों की तहरीर और पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में आगे की स्थिति साफ होगी।

