बारिश में करंट का कहर! बेटे को बचाने दौड़े पिता भी चपेट में आए, पिता-पुत्र समेत तीन की दर्दनाक मौत

बारिश में करंट का कहर! बेटे को बचाने दौड़े पिता भी चपेट में आए, पिता-पुत्र समेत तीन की दर्दनाक मौत

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में बारिश के बीच बिजली का करंट उतरने से मंगलवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की दु:खद मौत हो गई।

बेटे को बचाने दौड़े पिता, दोनों की मौत

सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा काजीपुर खुर्द में सलीमुद्दीन उर्फ पप्पू (४५) अपने 17 वर्षीय बेटे अनस के साथ मिलाद-उन-नबी (बारावफात) की तैयारियों में जुटे थे। अलसुबह बारिश के बीच दोनों घर के सामने सजावट के लिए बिजली की झालर लगा रहे थे। लगातार बारिश के कारण इलेक्ट्रीशियन के नहीं आने पर पिता-पुत्र खुद ही सजावट का काम कर रहे थे। बताया गया कि झालर लगाने के बाद कई बल्ब नहीं जल रहे थे और अनस तार काटकर खराब बल्बों की जगह नए बल्ब लगाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और वह करंट की चपेट में आ गया। बेटे को तड़पता देख पिता सलीमुद्दीन उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों एक-दूसरे से चिपक गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। कुछ देर बाद अनस की मां दोनों को तलाशते हुए वहां पहुंचीं। पति और बेटे को मृत देखकर उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बिजली विभाग को घटना की जानकारी दी। बिजली कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर लाइन काटी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वाटर कूलर में उतरे करंट से अधेड़ की मौत

दूसरी घटना चेतगंज थाना क्षेत्र के कालीमहाल तिराहे पर हुई। यहां वाटर कूलर में करंट उतरने से 50 वर्षीय त्रिलोकी मोदनवाल उसकी चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर चेतगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। लगातार बारिश के बीच बिजली के उपकरणों में करंट उतरने की इन घटनाओं ने सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *