बाराबंकी में रफ्तार का कहर! डंपर ने ऑल्टो को मारी जोरदार टक्कर, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

बाराबंकी में रफ्तार का कहर! डंपर ने ऑल्टो को मारी जोरदार टक्कर, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के मसौली थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बांदा-बहराइच मार्ग पर बिंदौरा चौराहे के पास डंपर और ऑल्टो कार की टक्कर में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दंपति, बेटा और बेटी शामिल हैं। हादसे में छह वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

श्रावस्ती जिले के भिनगा निवासी मोहम्मद शरीफ अपनी पत्नी तबस्सुम बानो, बेटे उजैम, बेटी साजिया और छह वर्षीय बच्ची हुदा के साथ ऑल्टो कार संख्या (यूपी 32सीडी 0221) से लखनऊ गए थे। परिवार का कहना है कि बेटी हुदा का इलाज लखनऊ से चल रहा है और दवा लेने के लिए परिवार लखनऊ गया था। मंगलवार सुबह दवा लेकर सभी वापस लौट रहे थे। रास्ता भटकने के कारण परिवार बिंदौरा चौराहे के पास कार रोककर रास्ते की जानकारी ले रहा था। इसी दौरान कार को मोड़ने के लिए जैसे ही यू-टर्न लिया गया, तभी लखनऊ की ओर से रामनगर की तरफ जा रहे मौरंग लदे तेज रफ्तार डंपर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पिचक गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार के दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालाकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाॅक्टराें ने चार लोगों काे मृत घाेषित कर दिया है। छह वर्षीय हुदा गंभीर रूप से घायल मिली।

थाना प्रभारी अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया शवाें का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया हैं। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी है। घटना के संबंध में मृतक के परिवार काे जानकारी देते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *